छत्तीसगढ़ कौशल न्युज कुरूद: - ब्लॉक के जुगदेही धान खरीदी केंद्र में किसानों को हो रही लगातार समस्याओं को लेकर जिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष ता...
छत्तीसगढ़ कौशल न्युज
कुरूद:- ब्लॉक के जुगदेही धान खरीदी केंद्र में किसानों को हो रही लगातार समस्याओं को लेकर जिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष तारिणी नीलम चंद्राकर ने मंगलवार को निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने किसानों से सीधे उनकी समस्याएं सुनीं और अव्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े किए।स्थानीय किसानों ने बताया कि सर्वर स्लो होने से समय पर टोकन नहीं कट पा रहा है, जिसके कारण उन्हें रोजाना घंटों परेशान होकर लौटना पड़ रहा है। किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि समिति प्रबंधक द्वारा ऑफलाइन टोकन में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही और अपने निजी लोगों को प्राथमिकता दी जा रही है। इससे क्षेत्र के किसानों में भारी नाराज़गी व्याप्त है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष तारिणी नीलम चंद्राकर ने खरीदी केंद्र में मौजूद अधिकारी से धान उठाव में तेजी लाने और वैकल्पिक व्यवस्था बनाने की मांग की। इस पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कुरूद ने धान उठाव बढ़ाने तथा खरीदे गए धान को रखने के लिए अतिरिक्त व्यवस्था करने की बात कही। साथ ही धान खरीदी की सीमा 1500 क्विंटल से बढ़ाकर 3000 क्विंटल किए जाने की जानकारी दी।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद किसानों की समस्याओं में निरंतर वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि किसानों को न तो उनकी उपज का उचित मूल्य मिल पा रहा है और न ही समय पर खरीदी व सुचारू प्रबंधन की सुविधा। उन्होंने कहा कि 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू करने का आदेश होने के बावजूद कई केंद्रों में सरकार की लापरवाही के कारण खरीदी समय पर शुरू नहीं हो सकी। उन्होंने कहा कि “प्रदेश के किसानों को उनके हक से वंचित किया जा रहा है। भाजपा की गलत नीतियों के कारण किसान त्रस्त हैं और रोजाना घंटों परेशान होकर लौटने को मजबूर हैं।”निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सदस्य नीलम चंद्राकर, रेमन साहू, द्वारिका साहू, राजेश साहू, पिंटू राव (सरपंच सिलौटी), शत्रुघ्न साहू, हीरा सिंह साहू, शिव प्रसाद पटेल, सुमन साहू, परख साहू, अग्रहित ठाकुर, श्याम सुंदर साहू, विजय साहू, यशवंत साहू सहित बड़ी संख्या में किसान व ग्रामीण उपस्थित थे।




No comments