छत्तीसगढ़ कौशल न्युज
भखारा:- ग्राम सुपेला (भखारा) में 58 वर्षों से चली आ रही धार्मिक परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष 59वां अखंड श्रीरामनाम सप्ताह यज्ञ एवं रामधुनी सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। पितृपक्ष के अवसर पर आयोजित यह सात दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम 3 अक्टूबर से 10 अक्टूबर तक ग्राम पंचायत सुपेला के हृदयस्थल नया बाजार चौक में होगा।आयोजन के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से ख्यातिनाम रामधुनी मंडलियों को आमंत्रित किया गया है। मंडलियां निर्धारित समयानुसार संगीतमय श्रीराम कथा गायन के साथ आकर्षक झांकियों की प्रस्तुति देंगी। आयोजन समिति द्वारा प्रतिभागी रामधुनी एवं झांकी मंडलियों के लिए सांत्वना राशि की भी व्यवस्था की गई है। प्रत्येक मंडली को विशेष दानदाताओं की ओर से 3,001 रुपए की सांत्वना राशि प्रदान की जाएगी।
इसके अलावा प्रत्येक प्रतिभागी मंडली को रामदरबार का फोटो, प्रशस्ति पत्र, श्रीफल एवं रामटोकरी प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। सात दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन को लेकर ग्रामवासियों में उत्साह का माहौल है।कार्यक्रम की तैयारियों में ग्राम विकास समिति के संरक्षक कृष्णदयाल साहू, सोनऊ राम देवांगन, बलराम साहू, अध्यक्ष दिग्विजय सिंह, उपाध्यक्ष खिलावन राम साहू, सचिव कन्हैया लाल साहू, कोषाध्यक्ष दयालू राम साहू, सरपंच चेतन लाल देवांगन, उपसरपंच पूरन लाल साहू सहित ग्रामवासी जुटे हुए हैं। उक्त जानकारी ग्राम विकास समिति के सहसचिव परमानंद साहू ने दी।


