छत्तीसगढ़ कौशल न्युज
धमतरी:- शहर के मराठा पारा और बांसपारा क्षेत्र में 21-22 अक्टूबर की दरम्यानी रात नकाबपोश युवकों द्वारा हथियारों एवं लाठी-डंडों के साथ उत्पात मचाने की घटना को लेकर धमतरी विधायक ओंकार साहू ने पुलिस प्रशासन और प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक होती जा रही है और प्रशासनिक निष्क्रियता के चलते आपराधिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं। रिहायशी इलाके में इस तरह की घटना से आम नागरिकों के बीच भय और असुरक्षा का माहौल बनना गंभीर चिंता का विषय है।
विधायक साहू ने कहा कि प्राप्त जानकारी के अनुसार, 25 से अधिक नकाबपोश युवक तलवार और लाठी-डंडों के साथ मराठा पारा एवं बांसपारा क्षेत्र में घूमते रहे। इस दौरान गाली-गलौज कर दहशत फैलाने की कोशिश किए जाने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि यह घटनाक्रम करीब डेढ़ घंटे तक चला। घटनास्थल कोतवाली थाना से महज 200 से 300 मीटर की दूरी पर होने की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस की गश्त, सूचना तंत्र और त्वरित कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
थाने पहुंचे रहवासी, सुरक्षा को लेकर जताई चिंता
घटना के बाद स्थानीय रहवासियों और मराठा समाज के लोगों के बड़ी संख्या में कोतवाली थाने पहुंचकर विरोध दर्ज कराने का उल्लेख करते हुए विधायक ने कहा कि यह स्थिति नागरिकों की सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि लोगों को अपने ही मोहल्ले में भय के माहौल में रहना पड़े, यह प्रशासन के लिए गंभीर विषय है। कानून का भय अपराधियों में होना चाहिए, न कि आम नागरिकों के मन में।
भाजपा सरकार में कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल
विधायक ओंकार साहू ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि धमतरी जैसे शहर के रिहायशी इलाके में हथियारों के साथ युवकों के उत्पात मचाने की शिकायत सामने आना कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं में पुलिस प्रशासन और सरकार की जवाबदेही तय होनी चाहिए। नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए।
संदिग्धों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की मांग
विधायक ने पुलिस प्रशासन से घटना की निष्पक्ष जांच करने, सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने तथा दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने पर जोर दिया।उन्होंने कहा कि किसी भी समाज या मोहल्ले के नागरिकों की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जा सकता। प्रशासन को लोगों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि शहर में शांति, सुरक्षा और विश्वास का वातावरण कायम रह सके।


