छत्तीसगढ़ कौशल न्युज
धमतरी:- छत्तीसगढ़ राजस्व पटवारी संघ के प्रांतीय आह्वान पर विभिन्न मांगों को लेकर जारी अनिश्चितकालीन हड़ताल को छत्तीसगढ़ तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ ने समर्थन दिया है। संघ की तहसील शाखा के अध्यक्ष राजेश पाण्डेय ने पटवारियों की मांगों को न्यायोचित बताते हुए प्रदेश सरकार से उनका शीघ्र निराकरण कर हड़ताल समाप्त कराने की मांग की है।
राजेश पाण्डेय ने कहा कि पटवारी राजस्व प्रशासन की महत्व पूर्ण कड़ी हैं। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर पर लागू करने से लेकर राजस्व संबंधी कार्यों के निष्पादन तक उनकी अहम भूमिका रहती है। इसके बावजूद डिजिटल फसल सर्वे, पीवी ऐप की तकनीकी खामियों और गिरदावरी की व्यावहारिक कठिनाइयों के बीच पटवारियों पर प्रशासनिक दबाव बनाया जाना उचित नहीं है। उन्होंने लंबे समय से लंबित पदोन्नति, वेतन विसंगति तथा निलंबन और तबादलों की कार्रवाई को लेकर कर्मचारियों में व्याप्त असंतोष का भी उल्लेख किया।उन्होंने कहा कि पटवारियों की हड़ताल से नामांतरण, फौती, सीमांकन, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र सहित राजस्व से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य प्रभावित हो रहे हैं। आगामी धान खरीदी के मद्देनजर भी किसानों और आम नागरिकों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। ऐसी स्थिति में सरकार को जनहित को ध्यान में रखते हुए तत्काल पहल करनी चाहिए।
पाण्डेय ने प्रदेश सरकार से पटवारी संघ के प्रांतीय पदाधिकारियों के साथ सौहार्दपूर्ण वार्ता कर मांगों का सकारात्मक समाधान निकालने की अपील की। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं का निराकरण संवाद के माध्यम से किया जाना चाहिए, ताकि हड़ताल समाप्त हो और आम जनता को राहत मिल सके।तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ ने चेतावनी दी कि यदि पटवारियों की मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो संघ अन्य कर्मचारी संगठनों के साथ मिलकर आंदोलन को समर्थन देने के लिए आगे आएगा।


