छत्तीसगढ़ कौशल न्युज
धमतरी:- कथित वोट चोरी के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी धमतरी ग्रामीण ने कोलियारी चौक में धरना-प्रदर्शन कर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष खिलेन्द्र ध्रुव के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग की।प्रदर्शन को संबोधित करते हुए ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष खिलेन्द्र ध्रुव ने कहा कि वोट चोरी लोकतंत्र पर सीधा प्रहार है। लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता का मत सर्वोपरि है और चुनावी प्रक्रिया में किसी भी तरह की अनियमितता की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने मतदाता सूची, मतदान प्रक्रिया और चुनाव परिणामों से जुड़े सवालों की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। ध्रुव ने कहा कि कांग्रेस संविधान, लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
राजेंद्र साहू ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना
ब्लॉक कांग्रेस संगठन प्रभारी राजेंद्र साहू ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में किसानों को धान का बेहतर मूल्य मिला। बिजली बिल हाफ योजना से उपभोक्ताओं को राहत मिली, वहीं युवाओं के लिए बेरोजगारी भत्ता और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की पहल की गई। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से किसानों, युवाओं और आम जनता को लाभ मिला था। साहू ने कहा कि मौजूदा दौर में महंगाई से आम जनता परेशान है। उन्होंने महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को आर्थिक सहायता देने के साथ बढ़ते बिजली बिलों के बोझ का मुद्दा उठाते हुए सरकार से आम लोगों को राहत देने की मांग की।
मताधिकार की रक्षा के लिए संघर्ष का ऐलान
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए चुनावी प्रक्रिया का निष्पक्ष और पारदर्शी होना जरूरी है। चुनाव से जुड़े किसी भी विवाद या अनियमितता के आरोपों की निष्पक्ष जांच कर जवाबदेही तय की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता के मताधिकार की रक्षा के लिए कांग्रेस लगातार आवाज उठाती रहेगी।प्रदर्शन में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष खिलेन्द्र ध्रुव, संगठन प्रभारी राजेंद्र साहू, जिला महामंत्री डीहूराम साहू, पेखन साहू, राम ध्रुव, जनपद सदस्य योगेश मार्कंडे, कोषाध्यक्ष धर्मेंद्र पटेल, महामंत्री केशव साहू, उपाध्यक्ष विजेंद्र रामटेके, हेमलाल बंजारे, चंद्रहास साहू, मंडल अध्यक्ष सूर्या नेताम, पूर्व पार्षद आवैश हाशमी, सेक्टर अध्यक्ष जयंत सिन्हा एवं प्रणय बचन, तेजराम सिन्हा, साकेन्द निषाद, योगेश्वर साहू, लेखराम, देवलाल साहू, विष्णु सिन्हा, गणपत मंडावी, भोज निर्मलकर, लव कुमार यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



