छत्तीसगढ़ कौशल न्युज
रायपुर:- ग्रेसियस कॉलेज ऑफ एजुकेशन, अभनपुर के संचालक डॉ. आशुतोष शुक्ला, एवं सह-संचालक श्रीमती भारती शुक्ला, के मार्गदर्शन में कॉलेज के 50 विद्यार्थियों ने नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (NIELIT), रायपुर के तत्वावधान में आयोजित 5 दिवसीय बूट कैंप को सफलतापूर्वक पूर्ण किया। दिनांक 26 अक्टूबर से 30 अक्टूबर 2026 तक आयोजित यह विशेष बूट कैंप "UAV Innovation, Flight Systems & Autonomous Intelligence" (यूएवी इनोवेशन, फ्लाइट सिस्टम्स एंड ऑटोनॉमस इंटेलिजेंस) विषय पर केंद्रित था। कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत इस बूट कैंप के उद्देश्य एवं आवश्यकता पर प्रकाश डालने से हुई, उद्घाटन सत्र में महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. रिया तिवारी, और श्री अंजन जोशी (डायरेक्टर इंचार्ज NIELIT) की गरिमामय उपस्थिति थी।
प्रोग्राम में छात्रों को ड्रोन के इतिहास, बुनियादी तकनीकों और कृषि, सुरक्षा व डिलीवरी सेवाओं जैसे विभिन्न क्षेत्रों में इसके व्यावहारिक उपयोगों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। इसके अलावा, विशेषज्ञों द्वारा ड्रोन, हवाई जहाज और हेलीकॉप्टर के बीच अंतर तथा पक्षियों के उड़ने की कार्यप्रणाली (Aeromechanics) पर विशेष सत्र संचालित किए गए। इस पूरे प्रशिक्षण कार्यक्रम में श्री कौशिक मोहंती, श्री देवेंद्र दास, श्री बिस्वजीत जेना, (NIELIT भुनेश्वर ओड़िसा) श्री रितविक और सोनम (NIELIT नया रायपुर )ने मुख्य मेंटर्स के रूप में छात्रों का मार्गदर्शन किया।
कार्यक्रम के सफल समापन पर विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किये गए।इस कार्यक्रम की कॉर्डिनेटर सुश्री अदिती पाण्डेय सहायक प्राध्यापक कंप्यूटर विभाग थी। कार्यक्रम के सफलतापूर्वक संपन्न होने पर संचालक, सहित समस्त महाविद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि ऐसे तकनीकी प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करते हैं और उनमें नई तकनीकी दक्षता विकसित करते हैं।




