छत्तीसगढ़ कौशल न्युज धमतरी:- जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने जिला चिकित्सालय धमतरी का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जा...
छत्तीसगढ़ कौशल न्युज
धमतरी:- जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने जिला चिकित्सालय धमतरी का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा उपचार व्यवस्था के संबंध में चर्चा की। उन्होंने मरीजों से यह भी पूछा कि उन्हें समय पर पौष्टिक आहार मिल रहा है या नहीं और भोजन की गुणवत्ता संतोषजनक है या नहीं।निरीक्षण के दौरान श्री सार्वा ने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का भी बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित स्वच्छता बनाए रखने और मरीजों को बेहतर व स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
स्टाफ की कमी का मुद्दा सामने आने पर जिला पंचायत अध्यक्ष ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) यू.एल. कौशिक को आवश्यक रिक्त पदों की शीघ्र पूर्ति करने के निर्देश दिए। साथ ही सिविल सर्जन डॉ. ए.के. टोण्डर को चिकित्सकीय व्यवस्थाओं को सुदृढ़ एवं सुचारू बनाए रखने के लिए कहा।
अध्यक्ष श्री सार्वा ने शासन की जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को शत-प्रतिशत लाभ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले के सभी शासकीय अस्पतालों में सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित करने और आवश्यकतानुसार चिकित्सकों की उपलब्धता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।उन्होंने जानकारी दी कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा वर्ष 2025-26 के बजट में 200 बिस्तरों वाले अस्पताल की स्वीकृति प्रदान की गई है। साथ ही इसे 200 से बढ़ाकर 250 बिस्तर करने के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य धनेश्वरी साहू, स्वास्थ्य विभाग की डीपीएम प्रिया कंवर, ओएओ गुरुशरण साहू सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।


No comments