भौथली रोड स्थित साईं राइस मिल में आगजनी, 25 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान छत्तीसगढ़ कौशल न्युज कुरूद:- भीषण गर्मी के बीच आगजन...
छत्तीसगढ़ कौशल न्युज
कुरूद:- भीषण गर्मी के बीच आगजनी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। शनिवार दोपहर कुरूद-भौथली मार्ग स्थित साईं राइस मिल में हाईटेंशन तार के शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि बरदाना शेड में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। घटना में एक लाख से अधिक धान कट्टे, प्लास्टिक बोरी और अन्य सामग्री पूरी तरह नष्ट हो गई।
जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर लगभग 3 बजे राइस मिल के बगल से गुजर रहे हाईटेंशन तार में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे निकली चिंगारी बरदाना शेड तक पहुंच गई और वहां रखे सामान में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही राइस मिल कर्मचारियों ने तत्काल मिल मालिक और नगर पंचायत को जानकारी दी।
नगर पंचायत के कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन कुरूद नगर पंचायत की फायर ब्रिगेड खराब होने के कारण धमतरी नगर निगम से दमकल वाहन बुलाना पड़ा। करीब एक से डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। कर्मचारियों की सूझबूझ के चलते किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।राइस मिल संचालक विनय अग्रवाल ने बताया कि आगजनी की इस घटना में लगभग 25 लाख रुपये के बरदाने, प्लास्टिक बोरी और अन्य सामग्री जलकर खाक हो गई है। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।


No comments