छत्तीसगढ़ कौशल न्युज गुरूर:- छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव 2026 की प्रक्रिया शुरू होते ही प्रदेशभर के युवा नेतृत्व की दौड़ मे...
छत्तीसगढ़ कौशल न्युज
गुरूर:- छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव 2026 की प्रक्रिया शुरू होते ही प्रदेशभर के युवा नेतृत्व की दौड़ में शामिल हो रहे हैं। इसी क्रम में बालोद जिले के अंतिम छोर स्थित ग्राम हसदा के युवा अधिवक्ता नूतन साहू ने युवा कांग्रेस के जिला महासचिव पद के लिए नामांकन दाखिल किया है।
बालोद जिला बनने के बाद यह पहला अवसर माना जा रहा है जब जिले के अंतिम क्षेत्र से किसी युवा कार्यकर्ता ने जिला स्तर के महत्वपूर्ण पद पर चुनाव लड़ने का साहस दिखाया है। अब तक ग्राम हसदा से किसी भी प्रमुख राजनीतिक दल द्वारा किसी सामान्य कार्यकर्ता को जिला स्तरीय चुनाव में अवसर नहीं मिला था। ऐसे में कांग्रेस संगठन द्वारा गांव के एक साधारण कार्यकर्ता और युवा अधिवक्ता नूतन साहू को जिला महासचिव पद का प्रत्याशी बनाए जाने को क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक कदम माना जा रहा है।
वरिष्ठजनों का जताया आभार
युवा कांग्रेस जिला महासचिव पद के प्रत्याशी अधिवक्ता नूतन साहू ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस ने छोटे गांव से आने वाले एक सामान्य कार्यकर्ता पर विश्वास जताकर संगठन की लोकतांत्रिक सोच को मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि यदि उन्हें जिम्मेदारी मिलती है तो वे क्षेत्र के अधिक से अधिक युवाओं को कांग्रेस से जोड़कर संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाने का कार्य करेंगे।
कांग्रेस हर कार्यकर्ता का सम्मान करती है : सतीश राजपूत
जिला कांग्रेस कमेटी बालोद के जिला महामंत्री सतीश राजा राजपूत ने नूतन साहू को प्रत्याशी बनाए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा अपने कार्यकर्ताओं का सम्मान करती है। उन्होंने कहा कि नूतन साहू एक सक्रिय, शिक्षित और संघर्षशील युवा कार्यकर्ता हैं। एक अधिवक्ता होने के साथ-साथ वे समाज और संगठन के प्रति समर्पित हैं। उन्हें विश्वास है कि नूतन साहू युवा जिला महासचिव के रूप में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।युवा कांग्रेस के चुनाव में नूतन साहू की उम्मीदवारी को लेकर क्षेत्र के युवाओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।


No comments