छत्तीसगढ़ कौशल न्युज कुरूद:- पर्यावरण संरक्षण एवं प्राकृतिक अध्ययन के उद्देश्य से नगर के पर्यावरण मित्र ग्रुप के बाइक राइडर्स ने दो दिवसीय ...
छत्तीसगढ़ कौशल न्युज
कुरूद:- पर्यावरण संरक्षण एवं प्राकृतिक अध्ययन के उद्देश्य से नगर के पर्यावरण मित्र ग्रुप के बाइक राइडर्स ने दो दिवसीय एडवेंचर बाइक ट्रैकिंग अभियान चलाया। इस दौरान दल ने गरियाबंद जिले के ओड क्षेत्र सहित ओडिशा राज्य में स्थित विभिन्न जलप्रपातों की बाइक एवं पैदल ट्रैकिंग कर प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लिया।वीकेंड पर आयोजित इस अभियान को पर्यावरण मित्र ग्रुप के वरिष्ठ सदस्य दक्षिणेन्द्र गिरी ने मां चंडी मंदिर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ट्रैकिंग दल मगरलोड, गरियाबंद होते हुए बेस कैंप मैनपुर पहुंचा। यहां से अलसुबह पहाड़ियों और चारों ओर फैली हरियाली से घिरे ओड गांव के समीप स्थित कारीपगार जलप्रपात तक पैदल ट्रैकिंग की गई। जलप्रपात की मनमोहक प्राकृतिक छटा ने सभी को रोमांचित कर दिया।इसके बाद दल ने ओड से आमामोरा होते हुए ओडिशा राज्य के चौलधारा जलप्रपात की बाइक ट्रैकिंग की। यहां करीब 3 किलोमीटर की पैदल ट्रैकिंग कर सदस्यों ने झरने की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लिया। इसके साथ ही बेनियारधस और खरालधस जलप्रपातों का भी भ्रमण किया गया। घने जंगल, पहाड़ और हरियाली के बीच स्थित इन जलप्रपातों ने ट्रैकिंग दल के सदस्यों को खासा आकर्षित किया।
ग्रुप लीडर पुष्कर गोस्वामी ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि वे विगत 30 वर्षों से ओड क्षेत्र के जलप्रपातों का भ्रमण करते आ रहे हैं। बचपन से ही ओड गांव के बूढ़ाराजा, कारीपगार, शेषपगार और कुलाप जलप्रपातों के नयनाभिराम दृश्य उन्हें आकर्षित करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संपदा से समृद्ध यह क्षेत्र प्रकृति प्रेमियों और एडवेंचर पसंद करने वाले सैलानियों के लिए किसी पैराडाइज से कम नहीं है।ट्रैकिंग दल में ग्रुप लीडर पुष्कर गोस्वामी, को-लीडर आकाश चंद्राकर, पर्यावरण लीडर नीरज शुक्ला सहित रोहित चैनवानी, तिजील गोस्वामी, अनय चंद्राकर, अर्जुन शुक्ला, मनोज, टोमेश, कुंदन, चंद्र कुमार, रितेश सहित अन्य सदस्य शामिल रहे। अभियान की सफलता पर पर्यावरण मित्र ग्रुप के वरिष्ठ सदस्य प्रमोद शुक्ला ने सभी सदस्यों को बधाई दी।


No comments