कुरूद में आस्था का महाकुंभ, 65 फीट के रावण दहन के साथ दशहरा महोत्सव संपन्न

Pradeep Ganjeer
0

 

छत्तीसगढ़ कौशल न्युज 

कुरूद:- बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक विजयादशमी पर्व कुरूद में हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। नगर दशहरा उत्सव समिति द्वारा आयोजित कुरूद दशहरा महोत्सव 2026 का 20 अक्टूबर को भव्य समापन हुआ। इस अवसर पर 65 फीट ऊंचे रावण का दहन किया गया, जिसे देखने के लिए 20 हजार से अधिक श्रद्धालु जुटे। रामलीला मंचन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने आयोजन को यादगार बना दिया।नगर में प्रतिवर्ष परंपरानुसार आयोजित होने वाला नवरात्र-दशहरा उत्सव लगातार 27 वर्षों से धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपरा को जीवंत बनाए हुए है। इस वर्ष भी महोत्सव के अंतिम दिन अभिव्यक्ति कला मंच, कुरूद द्वारा रामलीला का मंचन किया गया। इसके पश्चात रावण दहन के साथ विजयादशमी उत्सव का समापन हुआ।

कार्यक्रम में कुरूद विधायक एवं महोत्सव समिति के संरक्षक अजय चंद्राकर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगरपालिका अध्यक्ष ज्योति भानु चंद्राकर ने की। विशिष्ट अतिथियों में नगर पंचायत कुरूद के पूर्व अध्यक्ष निरंजन सिन्हा, राजकुमारी दीवान, रविकांत चंद्राकर, नगरपालिका उपाध्यक्ष देवव्रत साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। महोत्सव समिति के अध्यक्ष अनिल चंद्राकर, महासचिव भानु चंद्राकर और कोषाध्यक्ष बसंत सिन्हा भी आयोजन में शामिल हुए।

रेल सेवा की शुरुआत से बढ़ी महोत्सव की रौनक

विधायक अजय चंद्राकर ने ऐतिहासिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कुरूद में बड़ी रेल लाइन पर यात्री रेल सेवा की शुरुआत को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे दशहरा महोत्सव की रौनक और बढ़ी है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने के लिए महोत्सव समिति, आयोजकों और उपस्थित श्रद्धालुओं को बधाई दी तथा विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं।नगरपालिका अध्यक्ष ज्योति भानु चंद्राकर ने नगर एवं क्षेत्रवासियों को विजयादशमी की बधाई देते हुए आयोजन की सफलता पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने महोत्सव को ऐतिहासिक बनाने में योगदान देने वाले श्रद्धालुओं, आयोजन समिति और विभिन्न विभागों के प्रति आभार व्यक्त किया।


महोत्सव समिति के अध्यक्ष अनिल चंद्राकर ने बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं का आभार जताते हुए आयोजन की सफलता में सहयोग करने वाले सभी लोगों को धन्यवाद दिया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां...दशहरा महोत्सव के समापन अवसर पर छत्तीसगढ़ के रंगझाझर ग्रुप, कुरूद के प्रसिद्ध रंग एवं मेलोडी आर्केस्ट्रा-डांसिंग ग्रुप तथा मोर संगवारी टीम ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मनोरंजन किया और पूरे आयोजन को उत्सवी रंगों से सराबोर कर दिया।


         कार्यक्रम का संचालन प्रभात बैस और हरीश देवांगन ने किया। महोत्सव समिति के महासचिव भानु चंद्राकर ने श्रद्धालुओं, अतिथियों और आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने मुख्यमंत्री, संस्कृति मंत्री, विधायक कुरूद, नगर पालिका अध्यक्ष, संस्कृति विभाग, जिला प्रशासन, नगरपालिका, पुलिस प्रशासन, लोक निर्माण विभाग, वन विभाग तथा विभिन्न सांस्कृतिक दलों को आयोजन की सफलता में सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।इस तरह 27 वर्षों की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए कुरूद दशहरा महोत्सव 2026 धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और जनभागीदारी के साथ संपन्न हुआ। 65 फीट के रावण दहन और हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी ने विजयादशमी के इस आयोजन को यादगार बना दिया।


Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)
To Top