छत्तीसगढ़ कौशल न्युज
धमतरी:- नववर्ष 2026 के जश्न के बीच धमतरी जिले से शराब बिक्री को लेकर चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं। 31 दिसंबर और 1जनवरी को जिले की 27 देशी-विदेशी शराब दुकानों से करीब 3 करोड़ रुपये की शराब बिक गई। महज दो दिनों में हुई यह भारी बिक्री जिले भर में चर्चा का विषय बन गई है। आबकारी विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, 31 दिसंबर को लगभग डेढ़ करोड़ रुपये और 1 जनवरी को भी लगभग इतनी ही राशि की शराब बिक्री दर्ज की गई। नए साल की रात शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक शराब दुकानों पर देर शाम से ही भीड़ उमड़ती रही। कई स्थानों पर देर रात तक जाम छलकते नजर आए।
शराब की इस रिकॉर्डतोड़ बिक्री ने सामाजिक और प्रशासनिक दोनों स्तर पर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि इतनी बड़ी मात्रा में शराब खपत का सीधा असर सड़क सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और स्वास्थ्य पर पड़ सकता है। हालांकि राहत की बात यह रही कि नए साल की रात जिले में किसी बड़ी सड़क दुर्घटना की सूचना नहीं मिली। वहीं दूसरी ओर, शराब बिक्री के ये आंकड़े यह सोचने पर मजबूर करते हैं कि क्या भविष्य में ऐसे अवसरों पर निगरानी और नियंत्रण के लिए और सख्त कदम उठाने की जरूरत है। जिले में सामने आए यह आंकड़े न केवल चौंकाने वाले हैं, बल्कि समाज के सामने एक गंभीर सवाल भी खड़ा करते हैं।


