समाचार बनाकर भेजे धमतरी:- थाना कुरूद अंतर्गत पुलिस चौकी बिरझर क्षेत्र के ग्राम मुल्ले के ग्रामीणों ने गांव में अवैध गतिविधियों और शांति भंग...
समाचार बनाकर भेजे
धमतरी:- थाना कुरूद अंतर्गत पुलिस चौकी बिरझर क्षेत्र के ग्राम मुल्ले के ग्रामीणों ने गांव में अवैध गतिविधियों और शांति भंग होने की शिकायत करते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों द्वारा दिए गए आवेदन में कुछ लोगों पर अवैध शराब बिक्री, जुआ खिलाने, नशीले पदार्थों की बिक्री तथा गांव में भय का माहौल बनाने के आरोप लगाए गए हैं।ग्रामीणों ने बताया कि कुछ माह पूर्व गांव में बैठक आयोजित कर यह निर्णय लिया गया था कि गांव में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों जैसे अवैध शराब बिक्री, जुआ और अन्य गैरकानूनी कार्यों पर रोक लगाई जाएगी। इसके बावजूद आरोपित लोगों द्वारा लगातार अवैध कार्य किए जाने की शिकायत सामने आई है।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि गांव के कुछ लोग अवैध शराब बिक्री के साथ-साथ गांजा और नशे की गोलियों का कारोबार भी कर रहे हैं। साथ ही जुआ खिलाने का कार्य भी किया जा रहा है, जिससे गांव का माहौल प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व में भी संबंधित लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई हो चुकी है और कुछ मामलों में न्यायालय में प्रकरण लंबित हैं।ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि अवैध गतिविधियों का विरोध करने पर गांव के प्रमुख लोगों और शिकायतकर्ताओं को जान से मारने, वाहन से कुचलने तथा झूठे प्रकरण में फंसाने की धमकी दी जा रही है। आवेदन में गाली-गलौज और मारपीट की धमकी देने का भी उल्लेख किया गया है।
ग्रामीणों के अनुसार हाल ही में गांव में अवैध कार्यों का विरोध करने पर विवाद की स्थिति निर्मित हुई थी, जिसके बाद गांव के लोगों ने सामूहिक रूप से प्रशासन से सुरक्षा और कानूनी कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा कि वे गांव में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना चाहते हैं तथा अवैध गतिविधियों पर रोक लगना आवश्यक है।ग्रामीणों ने पुलिस एवं जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।


No comments