छत्तीसगढ़ कौशल न्युज कुरूद:- भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष धमतरी भानु चन्द्राकर ने आरोप लगाया है कि 15 अगस्त 2026 को कुरूद विधायक अजय चन्द्...
कुरूद:- भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष धमतरी भानु चन्द्राकर ने आरोप लगाया है कि 15 अगस्त 2026 को कुरूद विधायक अजय चन्द्राकर द्वारा तिरंगे की जगह भाजपा का झंडा फहराए जाने को लेकर सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं फर्जी वीडियो प्रसारित किया जा रहा है। आगे भानु चन्द्राकर ने बताया 22-23 मार्च 2026 को कुरूद नगर के स्वामी विवेकानंद मंगल भवन में भाजपा का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया था। प्रशिक्षण कार्यक्रम के शुभारंभ से पूर्व पार्टी के ध्वज को अस्थायी रूप से फहराया गया था। इस दौरान बनाए गए ओरिजनल वीडियो को उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर प्रशिक्षण कार्यक्रम के शुभारंभ के रूप में पोस्ट किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ न्यूज चैनलों द्वारा इसी पुराने ओरिजनल वीडियो को एडिट कर 15 अगस्त 2026 का बताकर प्रसारित किया गया और यह दावा किया गया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तिरंगे की जगह भाजपा का झंडा फहराया गया। चन्द्राकर ने यह भी आरोप लगाया कि राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी के सोशल मीडिया पेज से भी उक्त वीडियो को लेकर भ्रामक प्रचार किया गया।
भानु चन्द्राकर ने कहा कि इस तरह के प्रचार से भाजपा के करोड़ों कार्यकर्ताओं की भावनाएं आहत हुई हैं तथा देश की जनता को भ्रमित करने का प्रयास किया गया है। मामले को लेकर भाजपा कुरूद संगठन के पदाधिकारियों के साथ कुरूद थाना पहुंचकर संबंधित न्यूज चैनलों एवं सोशल मीडिया संचालकों के खिलाफ साइबर अपराध के तहत कार्रवाई की मांग करते हुए शिकायत दर्ज कराई गई है।उन्होंने नगर, क्षेत्र, प्रदेश एवं देशवासियों तथा भाजपा कार्यकर्ताओं से अपील की है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित उक्त वीडियो को लेकर सतर्क रहें और तथ्यों की पुष्टि किए बिना किसी भी भ्रामक खबर पर विश्वास या उसे साझा न करें।


No comments