छत्तीसगढ़ कौशल न्युज धमतरी:- गौरव ग्राम नीपानी में आयोजित छत्तीसगढ़ प्रदेश स्तरीय त्रि-दिवसीय छत्तीसगढ़ी नाचा-गम्मत प्रतियोगिता कार्यक्रम ...
छत्तीसगढ़ कौशल न्युज
धमतरी:- गौरव ग्राम नीपानी में आयोजित छत्तीसगढ़ प्रदेश स्तरीय त्रि-दिवसीय छत्तीसगढ़ी नाचा-गम्मत प्रतियोगिता कार्यक्रम में धमतरी विधायक ओंकार साहू बतौर अतिथि रूप में शामिल हुए और अपनी गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। उन्होंने कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए आयोजन की सराहना की।अपने संबोधन में विधायक श्री साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति हमारी पहचान और गौरव है। नाचा-गम्मत जैसे पारंपरिक आयोजन हमारी संस्कृति को जीवंत बनाए रखने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जुड़ने का अवसर मिलता है, जिससे सांस्कृतिक मूल्यों का संरक्षण संभव होता है।
इस अवसर पर बालोद विधायक संगीता सिन्हा ने कहा कि लोककला हमारी अमूल्य धरोहर है और इसे संरक्षित करना हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन कलाकारों को मंच प्रदान कर उनकी प्रतिभा को निखारते हैं। वहीं गुण्डरदेही विधायक कुंवर सिंह निषाद ने अपने उद्बोधन में कहा कि नाचा-गम्मत छत्तीसगढ़ की आत्मा है और ऐसे आयोजनों से समाज में सांस्कृतिक चेतना सशक्त होती है। उन्होंने आयोजकों के प्रयासों की प्रशंसा की।
कार्यक्रम में प्रदेशभर से आए कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधि एवं संस्कृति प्रेमी उपस्थित रहे। अंत में अतिथियों ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


No comments