तहसील साहू संघ मगरलोड का वार्षिक अधिवेशन संपन्न, समाज ने 1000 पौधों का किया वितरण

Pradeep Ganjeer
0


छत्तीसगढ़ कौशल न्युज 

मगरलोड:- तहसील साहू संघ मगरलोड के तत्वावधान में वार्षिक अधिवेशन मधुबन धाम, रांकाडीह स्थित प्रवचन हाल में आयोजित किया गया। अधिवेशन में सामाजिक संगठन को मजबूत करने, समाजहित से जुड़े विषयों, नशामुक्ति, शिक्षा, संस्कार, युवाओं की भूमिका तथा सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर साहू समाज द्वारा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए 1000 पौधों का वितरण भी किया गया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत धमतरी के अध्यक्ष अरुण सार्वा रहे, जबकि अध्यक्षता जनपद पंचायत मगरलोड के अध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार साहू ने की। अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में जिला साहू संघ धमतरी के उपाध्यक्ष राजेन्द्र साहू एवं संगठन सचिव सुभाष साहू उपस्थित रहे।

         कार्यक्रम में पूर्व जनपद पंचायत मगरलोड अध्यक्ष श्याम साहू, जिला पंचायत सभापति मीना डेमू साहू, जनपद पंचायत मगरलोड सभापति राजेश साहू, तिलोत्तमा साहू, परिक्षेत्र पाहंदा अध्यक्ष डॉ. लेखराज साहू, डाभा अध्यक्ष टेकराम साहू, सिंगपुर अध्यक्ष ऋषि साहू, मगरलोड अध्यक्ष सुरेश साहू, खिसोरा अध्यक्ष रामचरण साहू, करेली बड़ी अध्यक्ष टोमन साहू, नगर पंचायत मगरलोड अध्यक्ष लिलेश सुरेश साहू, मधुबन धाम मंदिर रांकाडीह अध्यक्ष प्रीतराम साहू सहित विभिन्न सामाजिक पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।अधिवेशन में एमबीबीएस में सफलता हासिल करने वाले डॉ. मयंक साहू का सम्मान किया गया। समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने डॉ. मयंक साहू तथा उनके माता-पिता का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया और उनकी सफलता पर बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

      मुख्य अतिथि अरुण सार्वा ने कहा कि समाज को संगठित होकर नशामुक्ति की दिशा में आगे बढ़ना होगा। समाज में व्याप्त कुरीतियों को समाप्त कर आने वाली पीढ़ी को बेहतर शिक्षा, संस्कार और सही दिशा देना जरूरी है। युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए समाज को जागरूकता के साथ ठोस कदम उठाने होंगे। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं, इसलिए सामाजिक गतिविधियों में नारी शक्ति की भागीदारी को और बढ़ावा दिया जाना चाहिए। समाज की एकता और प्रगति के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा। इस दौरान मांग-पत्र के आधार पर टीना शेड निर्माण की घोषणा भी की गई।जिला साहू संघ धमतरी के संगठन सचिव सुभाष साहू ने कहा कि समाज को आगे बढ़ाने के लिए सभी को कदम से कदम मिलाकर चलना होगा। समाज को अच्छे नेतृत्वकर्ता और समर्पित कार्यकर्ताओं की आवश्यकता है। उन्होंने 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं में सकारात्मक सोच एवं जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि हर घर में राम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न जैसे संस्कारवान लोग हैं, लेकिन समाज में व्याप्त रावण रूपी नशे को जड़ से समाप्त करने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।

         अध्यक्षीय उद्बोधन में जनपद पंचायत मगरलोड अध्यक्ष वीरेन्द्र साहू ने कहा कि समाज की एकता और मजबूती ही विकास का आधार है। जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आगे आना चाहिए। आपसी सहयोग, भाईचारे और समन्वय से सामाजिक समस्याओं का समाधान किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं को शिक्षा, रोजगार और संस्कार के क्षेत्र में आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया। तहसील साहू संघ नगरी के सचिव पदुमलाल साहू ने कहा कि बच्चों और युवाओं को नशे से दूर रखना माता-पिता के साथ समाज की भी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि समाज में बच्चे, युवा और बुजुर्ग तीन महत्वपूर्ण वर्ग हैं। बच्चों के लिए अच्छी शिक्षा, युवाओं के लिए रोजगार और बुजुर्गों के लिए सम्मान आवश्यक है। सामाजिक संगठन को इन विषयों पर निरंतर कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जन्म संस्कार, विवाह संस्कार एवं मृत्यु संस्कार जैसे अवसरों पर समाज के लोगों को सहयोग और मार्गदर्शन देना सामाजिक संगठन का प्रमुख उद्देश्य है।अधिवेशन में समाज के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं सामाजिक बंधुओं ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर सामाजिक एकता, नशामुक्ति, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा और संस्कार के क्षेत्र में मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)
To Top