छत्तीसगढ़ कौशल न्युज धमतरी:- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सरकार की पहल “सुशासन तिहार” के अंतर्गत ग्राम पंचायत भोयना में 22 ग्रामों के लिए संय...
छत्तीसगढ़ कौशल न्युज
धमतरी:- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सरकार की पहल “सुशासन तिहार” के अंतर्गत ग्राम पंचायत भोयना में 22 ग्रामों के लिए संयुक्त रूप से जनसमस्या निवारण एवं जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में अरौद, लिलर, भवरमरा, भोयना, जवरगांव, मथुराडीह, तुमराबहार, कसावाहि, रुद्री, गंगरेल, बेन्द्रानवागांव, बरारी, मुड़पार, अछोटा, सोरम भटगांव, बोरिदखुर्द, श्यामतरई, मुजगहन, पोटियाडीह, रत्नाबांधा एवं लोहरसी सहित आसपास के ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और मौके पर ही उनके निराकरण की प्रक्रिया शुरू की। ग्रामीणों द्वारा राजस्व, पेंशन, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, पेयजल, बिजली समेत विभिन्न शासकीय योजनाओं से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए गए। कई मामलों का त्वरित निराकरण किया गया, जबकि शेष आवेदनों को शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागों को अग्रेषित किया गया।
इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष अंगिरा ध्रुव ने कहा कि राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि “सुशासन तिहार” जैसे आयोजन आमजन की समस्याओं को सीधे सुनने और उनके त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। इससे लोगों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते और एक ही स्थान पर उनकी समस्याओं का समाधान संभव हो पाता है।उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि वे संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, ताकि कोई भी पात्र हितग्राही शासन की योजनाओं से वंचित न रहे। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


No comments