छत्तीसगढ़ कौशल न्युज भिलाई:- कोष्टा-कोष्टी महासंघ द्वारा प्रथम स्थापना वर्षगांठ समारोह "संगम-2026" का राष्ट्रीय स्तर पर ऑनलाइन मा...
छत्तीसगढ़ कौशल न्युज
भिलाई:- कोष्टा-कोष्टी महासंघ द्वारा प्रथम स्थापना वर्षगांठ समारोह "संगम-2026" का राष्ट्रीय स्तर पर ऑनलाइन माध्यम से भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी दिलीप वर्मा की अध्यक्षता, महासंघ के अध्यक्ष राजेश कोष्टा, संयोजक शैलेन्द्र कुमार परेता के नेतृत्व तथा मुख्य सलाहकार निर्मल कोष्टा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।समारोह का प्रमुख आकर्षण विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले समाज के प्रतिभाशाली एवं समर्पित व्यक्तियों तथा संस्थाओं को "कोष्टा-कोष्टी गौरव सम्मान" प्रदान करना रहा। छत्तीसगढ़ से दुर्ग-भिलाई के घनश्याम कुमार देवांगन को यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया। घनश्याम देवांगन पिछले चार दशकों से देवांगन-कोष्टा समाज के संगठन, शिक्षा, जागरूकता, सामाजिक उत्थान एवं सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि देश के प्रतिष्ठित उद्योगपति एवं आर.के. ग्रुप ऑफ कंपनीज़ के प्रबंध निदेशक किशोर रतिलाल कोष्टी रहे। उन्होंने समाज की एकता, शिक्षा, संगठन और सामाजिक विकास के लिए महासंघ द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।समारोह में राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न श्रेणियों में "कोष्टा-कोष्टी गौरव सम्मान" प्रदान किए गए। सर्वश्रेष्ठ सहयोगी क्षेत्रीय समिति का सम्मान युवा कोष्टा समाज महानगर, झांसी को मिला, जबकि सर्वश्रेष्ठ कार्यकर्ता (CEC सदस्य) के रूप में रविंद्र निखाड़े सम्मानित हुए। समाज सेवा, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और सक्रिय सामाजिक योगदान के क्षेत्र में देशभर के कई समाजसेवियों, विद्यार्थियों एवं कार्यकर्ताओं को भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर कोष्टा-कोष्टी महासंघ की आधिकारिक वेबसाइट का शुभारंभ भी किया गया। साथ ही महासंघ की एक वर्ष की उपलब्धियों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया गया तथा समाज के समग्र विकास के लिए आगामी वर्षों का दूरदर्शी रोडमैप प्रस्तुत किया गया।महासंघ ने समाज के सतत विकास हेतु छह प्रमुख निदेशालयोंआईटी, जॉब, एजुकेशन, बिजनेस, यूथ एवं वुमन डायरेक्टरेट की रूपरेखा भी प्रस्तुत की। इन निदेशालयों के माध्यम से समाज के युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों और उद्यमियों को राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर अवसर उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
कार्यक्रम में दिल्ली, झांसी, अहमदाबाद, जयपुर, भोपाल, उज्जैन, इंदौर, सिवनी, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, वारासिवनी, गाडरवारा, बुरहानपुर, नागपुर तथा छत्तीसगढ़ सहित देशभर की विभिन्न क्षेत्रीय समितियों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने ऑनलाइन सहभागिता कर कार्यक्रम को राष्ट्रीय स्वरूप प्रदान किया।समारोह में समाज की एकता, शिक्षा, रोजगार, उद्यमिता, युवा विकास, महिला सशक्तिकरण और डिजिटल प्रगति को नई गति देने का संकल्प लिया गया। अंत में कार्यकारी अध्यक्ष सुरेश बारापात्रे ने सभी अतिथियों, प्रतिनिधियों एवं समाजजनों का आभार व्यक्त किया।


No comments