छत्तीसगढ़ कौशल न्युज धमतरी:- गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर ग्राम रूद्री स्थित रूद्रेश्वर मंदिर परिसर में संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महा...
छत्तीसगढ़ कौशल न्युज
धमतरी:- गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर ग्राम रूद्री स्थित रूद्रेश्वर मंदिर परिसर में संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में देशव्यापी समरसता संकल्प अभियान के अंतर्गत भव्य धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष अंगिरा ध्रुव सहित बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं एवं ग्रामीणों ने सहभागिता निभाई। इस अवसर पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर 650 दीप प्रज्वलित किए गए, जिससे पूरा मंदिर परिसर दीपों की दिव्य आभा से जगमगा उठा।कार्यक्रम की शुरुआत भगवान एवं संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के चित्र पर पुष्प अर्पित कर तथा दीप प्रज्वलित कर की गई। उपस्थित श्रद्धालुओं ने गुरु रविदास महाराज के बताए सत्य, समानता, प्रेम, भाईचारे एवं सामाजिक समरसता के संदेश को आत्मसात करने का संकल्प लिया। मंदिर परिसर को आकर्षक फूलों की सजावट एवं रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया था, जिसने कार्यक्रम को और भी भव्य बना दिया।
इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष अंगिरा ध्रुव ने कहा कि गुरु रविदास महाराज ने समाज को समानता, मानवता और सद्भाव का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज को नई दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि गुरु पूर्णिमा केवल गुरु के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने का पर्व नहीं, बल्कि उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का अवसर भी है। समरसता संकल्प अभियान समाज के सभी वर्गों को एक सूत्र में जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है।उन्होंने कहा कि समाज में आपसी भाईचारा, सद्भाव और एकता बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। गुरु रविदास महाराज के विचार सामाजिक भेदभाव को समाप्त कर समान अवसर एवं सम्मान की प्रेरणा देते हैं। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को हमारी संस्कृति, परंपरा और महापुरुषों के आदर्शों से जोड़ने का कार्य करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित कर देश और समाज की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। महिलाओं ने पूरे उत्साह एवं श्रद्धा के साथ कार्यक्रम में भाग लिया। अंत में सभी उपस्थित जनों ने गुरु रविदास महाराज के आदर्शों पर चलने तथा सामाजिक समरसता एवं राष्ट्रीय एकता को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन प्रसाद वितरण के साथ हुआ।


No comments