छत्तीसगढ़ कौशल न्युज अभनपुर: - ग्रेसियस महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के संयुक्त तत्वावधान में गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर प...
छत्तीसगढ़ कौशल न्युज
अभनपुर:- ग्रेसियस महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के संयुक्त तत्वावधान में गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर श्रद्धा, भक्ति और गरिमामय वातावरण में व्यास पूजा एवं गुरुजन सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय ज्ञान परंपरा के महान प्रवर्तक महर्षि वेदव्यास के अतुलनीय योगदान का स्मरण करते हुए गुरु-शिष्य परंपरा के सनातन मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना था।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ग्रेसियस कॉलेज ऑफ इंस्टीट्यूट के संचालक डॉ. आशुतोष शुक्ला एवं सह-संचालक श्रीमती भारती शुक्ला उपस्थित रहे। समारोह की अध्यक्षता ग्रेसियस कॉलेज ऑफ एजुकेशन की प्राचार्य डॉ. रिया तिवारी ने की, जबकि ग्रेसियस कॉलेज ऑफ नर्सिंग (अभनपुर) की प्राचार्य डॉ. कलई चेल्वी विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा महर्षि वेदव्यास के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद एनएसएस स्वयंसेवकों एवं विद्यार्थियों ने अतिथियों और गुरुजनों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। विद्यार्थियों ने गुरु-भक्ति, भारतीय संस्कृति और नैतिक मूल्यों पर आधारित गीत, भाषण एवं आकर्षक सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थितजनों का मन मोह लिया।अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य डॉ. रिया तिवारी ने कहा कि गुरु पूर्णिमा केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि गुरु के प्रति श्रद्धा, सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का पावन अवसर है। उन्होंने कहा कि गुरु ही विद्यार्थियों के जीवन को सही दिशा देकर उन्हें ज्ञान, संस्कार और नैतिक मूल्यों से समृद्ध बनाते हैं।
मुख्य अतिथि डॉ. आशुतोष शुक्ला ने विद्यार्थियों को अनुशासित जीवन अपनाने, नैतिक मूल्यों का पालन करने तथा गुरुजनों के प्रति सदैव सम्मान का भाव बनाए रखने की प्रेरणा दी। वहीं एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. मुक्ता कौशिक ने अपने संबोधन में कहा कि महर्षि वेदव्यास भारतीय ज्ञान परंपरा के अमूल्य स्तंभ हैं और शिक्षा तभी सार्थक होती है, जब विद्यार्थी ज्ञान के साथ-साथ श्रेष्ठ संस्कारों को भी अपने जीवन का हिस्सा बनाएं।समारोह के दौरान महाविद्यालय के सभी प्राध्यापकों एवं अतिथियों का शॉल एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में ग्रेसियस कॉलेज ऑफ एजुकेशन की डॉ. माया सोनकर, डॉ. डिंपल रेड्डी, डॉ. निहारिका परिहार, श्रीमती साधना शर्मा, श्रीमती मीना साहू, श्री राजेंद्र साहू तथा एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती वेनुका निषाद सहित महाविद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती वेनुका निषाद ने सभी अतिथियों, प्राध्यापकों, विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रसाद वितरण के साथ गुरु पूर्णिमा एवं व्यास पूजा उत्सव का सफलतापूर्वक समापन हुआ।


No comments