छत्तीसगढ़ कौशल न्युज धमतरी:- ग्राम मंडाईभाठा निवासी श्रीमती ललिता यादव की शिकायत पर थाना भखारा द्वारा डेढ़ माह से अधिक समय बीत जाने के बावज...
छत्तीसगढ़ कौशल न्युज
धमतरी:- ग्राम मंडाईभाठा निवासी श्रीमती ललिता यादव की शिकायत पर थाना भखारा द्वारा डेढ़ माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद एफआईआर दर्ज नहीं किए जाने के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ग्रामीण, धमतरी ने बुधवार को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), धमतरी के नाम तहसीलदार के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर तत्काल वैधानिक कार्रवाई की मांग की। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष खिलेन्द्र ध्रुव ने कहा कि पीड़िता ने 13 मई 2026 को थाना भखारा में लिखित शिकायत प्रस्तुत की थी। शिकायत में आरोपी पर गाली-गलौज, अश्लील एवं अभद्र व्यवहार, जान से मारने की धमकी तथा मानसिक प्रताड़ना जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। घटना के प्रत्यक्षदर्शी गवाह एवं वीडियो साक्ष्य उपलब्ध होने के बावजूद आज तक एफआईआर दर्ज नहीं होना पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है।उन्होंने कहा कि महिला संबंधी गंभीर मामलों में भी यदि पुलिस समय पर अपराध दर्ज नहीं करती है, तो इससे न्याय व्यवस्था के प्रति आम लोगों का विश्वास कमजोर होता है। पुलिस का दायित्व पीड़ित को न्याय दिलाना है, न कि उसे बार-बार थाने के चक्कर लगाने के लिए विवश करना।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ग्रामीण ने प्रशासन को तीन दिवस का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समयावधि में एफआईआर दर्ज कर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो प्रथम चरण में थाना भखारा के थाना प्रभारी एवं संबंधित अधिकारियों के विरोध में प्रतीकात्मक पुतला दहन किया जाएगा। इसके बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर द्वितीय चरण में कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों के साथ थाना भखारा का शांतिपूर्ण घेराव कर व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।अध्यक्ष खिलेन्द्र ध्रुव ने कहा कि महिलाओं के सम्मान और न्याय के लिए ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ग्रामीण किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगी। जब तक पीड़िता को न्याय नहीं मिल जाता, तब तक लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रस्तावित आंदोलन पूर्णतः शांतिपूर्ण होगा तथा आंदोलन के दौरान उत्पन्न होने वाली किसी भी प्रकार की स्थिति एवं कानून-व्यवस्था की समस्त जवाबदेही जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की होगी।


No comments