छत्तीसगढ़ कौशल न्युज धमतरी:- बसंत फाउंडेशन छत्तीसगढ़, कुरुद के आयोजन में धमतरी जिले में पहली बार जिला स्तरीय तीन दिवसीय चित्रकला प्रदर्शनी,...
छत्तीसगढ़ कौशल न्युज
धमतरी:- बसंत फाउंडेशन छत्तीसगढ़, कुरुद के आयोजन में धमतरी जिले में पहली बार जिला स्तरीय तीन दिवसीय चित्रकला प्रदर्शनी, चित्रकला प्रतियोगिता एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 21, 22 एवं 23 अगस्त 2026 को छत्रपति शिवाजी मराठा मंगल भवन, धमतरी में होगा। प्रदर्शनी प्रतिदिन सुबह 10 बजे से रात 9 बजे तक दर्शकों के लिए खुली रहेगी।आयोजकों के अनुसार प्रदर्शनी में राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित चित्रकार बसंत साहू जी की चित्रकृतियों के साथ ही स्कूल, कॉलेज एवं दिव्यांग बच्चों की चित्रकला प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया जाएगा। प्रदर्शनी में लोक संस्कृति, छत्तीसगढ़ी परंपरा एवं आध्यात्मिक विषयों पर आधारित विभिन्न चित्रकृतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
कार्यक्रम के तहत 22 अगस्त को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक स्कूली छात्र-छात्राओं एवं दिव्यांग बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में 7 से 14 वर्ष, 14 वर्ष से अधिक स्कूल वर्ग, ओपन वर्ग एवं दिव्यांग वर्ग के प्रतिभागी शामिल हो सकेंगे। बड़े बच्चों के लिए पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति एवं सामाजिक जागरूकता तथा छोटे बच्चों के लिए अपनी पसंद के सुंदर विषय पर चित्र बनाने की श्रेणी रखी गई है।
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को संस्था की ओर से ए-3 साइज की शीट उपलब्ध कराई जाएगी, जबकि रंग, ब्रश, पेंसिल आदि सामग्री प्रतिभागियों को स्वयं लानी होगी। सभी वर्गों में अलग-अलग पुरस्कार के साथ प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र एवं प्रोत्साहन प्रदान किया जाएगा। प्रतियोगिता में शामिल बच्चों के लिए दोपहर के भोजन की व्यवस्था भी रहेगी। वहीं 23 अगस्त को शाम 7 बजे चिकित्सा, समाजसेवा, पर्यावरण, साहित्य, महिला सशक्तिकरण एवं कला के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले विशिष्ट व्यक्तियों का सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।बसंत फाउंडेशन छत्तीसगढ़, कुरुद ने जिले के कलाकारों, विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं कला प्रेमियों से इस तीन दिवसीय आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कलाकारों एवं प्रतिभाशाली बच्चों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है। चित्रकला प्रतियोगिता के पंजीयन के लिए संपर्क नंबर 7999692650 जारी किया गया है।


No comments