छत्तीसगढ़ कौशल न्युज भखारा:- ग्राम में सामाजिक अनुशासन, शांति और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से ग्राम विकास समिति सुपेला ने शराब बि...
छत्तीसगढ़ कौशल न्युज
भखारा:- ग्राम में सामाजिक अनुशासन, शांति और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से ग्राम विकास समिति सुपेला ने शराब बिक्री और नशे के खिलाफ सख्ती बरतने का निर्णय लिया है। समिति के पदाधिकारियों एवं ग्रामीणों की बैठक में विभिन्न प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।समिति के निर्णय के अनुसार गांव में शराब बेचते हुए पकड़े जाने पर 30 हजार रुपए का अर्थदंड लगाया जाएगा। वहीं शराब बिक्री की सूचना देकर कार्रवाई करवाने वाले व्यक्ति को 10 हजार रुपए का इनाम दिया जाएगा। सार्वजनिक स्थान पर शराब पीते पकड़े जाने पर 5 हजार रुपए का अर्थदंड तथा सूचना देने वाले को 2 हजार रुपए का इनाम देने का निर्णय लिया गया है।
इसी तरह गांव की दुकानों में पानी पाउच एवं डिस्पोजल बेचने पर 5 हजार रुपए का अर्थदंड निर्धारित किया गया है। इसकी सूचना देने वाले व्यक्ति को 2 हजार रुपए का इनाम दिया जाएगा। इसके अलावा गांव में जुआ और ताश खेलने पर भी प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया है।
ग्राम विकास समिति अध्यक्ष दिग्विजयसिंह ने कहा कि समिति का उद्देश्य गांव में शांतिपूर्ण, स्वच्छ और सामाजिक रूप से बेहतर वातावरण तैयार करना है। उन्होंने सभी ग्रामीणों से समिति के निर्णयों का पालन करने और गांव के हित में सहयोग करने की अपील की।समिति के सचिव कन्हैया लाल साहू ने कहा कि ये निर्णय ग्रामीणों की सहमति से लिए गए हैं। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर निर्धारित अर्थदंड लगाया जाएगा। वहीं सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखते हुए नियमानुसार इनाम दिया जाएगा।
सरपंच चेतन लाल देवांगन ने कहा कि गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने और नशामुक्त वातावरण तैयार करने की दिशा में यह पहल है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे आसपास के गांवों में भी जागरूकता बढ़ेगी।बैठक में समिति के उपाध्यक्ष खिलावन साहू, कोषाध्यक्ष दयालु राम साहू, संरक्षक कृष्णदयाल साहू, सोनऊ राम देवांगन, अनिरुद्ध देवांगन, हितेंद्र साहू, मोहित यादव, ढाकेश्वर साहू, परमानन्द साहू, तेजराम साहू, शत्रुहन लाल देवांगन, ललित सेन, दशेलाल देवांगन, कामता देवांगन, गुमान यादव, गौतम देवांगन, रामनारायण साहू, भानुप्रताप साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


No comments