छत्तीसगढ़ कौशल न्युज धमतरी:- सार्थक स्कूल में हिंदी दिवस हर्षोल्लास एवं रचनात्मक गतिविधियों के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के विश...
छत्तीसगढ़ कौशल न्युज
धमतरी:- सार्थक स्कूल में हिंदी दिवस हर्षोल्लास एवं रचनात्मक गतिविधियों के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के विशेष बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी प्रतिभा का सुंदर प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कवि, कहानीकार, प्रभावशाली मंच संचालक एवं राजस्व निरीक्षक (वर्क लोड), भू-अभिलेख शाखा, जिला धमतरी दीपचंद भारती रहे। कार्यक्रम की शुरुआत में विशेष बच्चों ने गीत प्रस्तुत कर मुख्य अतिथि का आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया। इस दौरान कार्यक्रम का विशेष आकर्षण “हिंदी शब्दों का उपहार” गतिविधि रही। बच्चों ने सुंदर कार्डों पर लिखे प्रेम, खुशी, सम्मान, दोस्ती, सहयोग और विश्वास जैसे भावपूर्ण शब्द एक-दूसरे को उपहार में दिए। वहीं शिक्षकों, संस्था की अध्यक्ष, सचिव, पालकों एवं मुख्य अतिथि ने भी एक-दूसरे को स्नेह, अपनापन, भाव, उम्मीद और आत्मविश्वास जैसे सुंदर शब्दों के कार्ड भेंट किए। इस अनूठी गतिविधि के माध्यम से बच्चों ने हिंदी भाषा की भावनात्मक सुंदरता को सहज एवं मनमोहक ढंग से प्रस्तुत किया। बच्चों की सरल एवं मनभावन प्रस्तुतियों ने अतिथियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया। बच्चों ने संदेश दिया कि हिंदी केवल एक भाषा नहीं, बल्कि हमारी भावनाओं, संस्कारों और आपसी जुड़ाव की भाषा है।
संस्था की अध्यक्ष डॉ. सरिता दोशी ने कहा कि इस वर्ष हिंदी दिवस को एक अलग और आत्मीय रूप देने का प्रयास किया गया। “हिंदी शब्दों का उपहार” के माध्यम से बच्चों ने बताया कि कुछ शब्द केवल शब्द नहीं होते, बल्कि रिश्तों और भावनाओं को जोड़ने का माध्यम बन जाते हैं। उन्होंने कहा कि विशेष बच्चों के लिए भाषा सीखना केवल पढ़ना-लिखना नहीं, बल्कि शब्दों के माध्यम से अपनी भावनाओं को समझना और व्यक्त करना भी है। हिंदी ने बच्चों के बीच भावनाओं और अपनत्व का सुंदर सेतु बनाने का काम किया।
मुख्य अतिथि दीपचंद भारती बच्चों की प्रस्तुतियों और उनकी प्रतिभा से भावुक हो उठे। उन्होंने बच्चों से आत्मीय संवाद करते हुए छोटी-छोटी प्रेरक कहानियां सुनाईं और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि विशेष बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता है उन्हें समझने, प्रोत्साहित करने और आगे बढ़ने के अवसर देने की। उन्होंने बच्चों के प्रशिक्षण में सहयोग के लिए सहयोग राशि भी भेंट की।
सार्थक की सचिव श्रीमती स्नेहा राठौड़ ने मुख्य अतिथि, अभिभावकों शिक्षकों एवं सभी उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त स्टाफ के योगदान के लिए धन्यवाद दिया।कार्यक्रम में संस्था की संचालिका डॉ. सरिता दोशी, सचिव स्नेहा राठौड़, वरिष्ठ प्रशिक्षक मैथिली गोड़े, संगीत प्रशिक्षक देविका दीवान, कंप्यूटर प्रशिक्षक कौशिल्या यादव, नृत्य प्रशिक्षक काजल रजक, आया बाई सुनैना गोड़े एवं पालक सविता शेख की विशेष सहभागिता रही।


No comments