छत्तीसगढ़ कौशल न्युज धमतरी:- संतान की सुख-समृद्धि, दीर्घायु, अच्छे स्वास्थ्य और मंगलकामना के लिए मनाया जाने वाला पारंपरिक हलषष्ठी यानी कम...
छत्तीसगढ़ कौशल न्युज
धमतरी:- संतान की सुख-समृद्धि, दीर्घायु, अच्छे स्वास्थ्य और मंगलकामना के लिए मनाया जाने वाला पारंपरिक हलषष्ठी यानी कमरछठ पर्व बुधवार को पूरे जिलेभर में श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया गया। जनपद पंचायत अध्यक्ष अंगिरा ध्रुव ने अपने निवास गृह ग्राम में माताओं के साथ सामूहिक रूप से सगरी पूजा में शामिल होकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और संतान के सुखमय एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पर्व को लेकर सुबह से ही ग्रामीण अंचलों में धार्मिक एवं उत्सवी माहौल रहा। महिलाओं ने सामूहिक रूप से सगरी तैयार कर पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-अर्चना की और व्रत रखा। पूजा के दौरान महिलाओं ने हलषष्ठी माता की आराधना कर अपनी संतानों की दीर्घायु, अच्छे स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की।
पारंपरिक पूजन सामग्री से सजी सगरी
हलषष्ठी पूजा में पारंपरिक पूजन सामग्री का विशेष महत्व रहा। सगरी को आकर्षक ढंग से सजाकर उसमें पसहर चावल, महुआ, छह प्रकार की भाजियां, भैंस का दूध सहित अन्य पूजन सामग्री अर्पित की गई। पर्व को लेकर एक दिन पहले से ही बाजारों में पूजन सामग्री की खरीदारी के लिए रौनक देखने को मिली।
लोकपरंपरा और आस्था का संगम
हलषष्ठी पर्व छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति और पारंपरिक जीवन शैली से गहराई से जुड़ा हुआ है। सामूहिक सगरी पूजा के माध्यम से महिलाओं ने वर्षों से चली आ रही लोकपरंपराओं और मान्यताओं का निर्वहन किया। पूजा के दौरान महिलाओं में विशेष उत्साह और श्रद्धा का माहौल रहा। इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष अंगिरा ध्रुव ने सभी माताओं को हलषष्ठी पर्व की बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने संतान की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की।


No comments