छत्तीसगढ़ कौशल न्युज कुरूद:- ग्राम बगदेही में गुरुवार शाम एक नाटकीय घटनाक्रम सामने आया। चाकूबाजी के आरोपी को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के ह...
छत्तीसगढ़ कौशल न्युज
कुरूद:- ग्राम बगदेही में गुरुवार शाम एक नाटकीय घटनाक्रम सामने आया। चाकूबाजी के आरोपी को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया, लेकिन पुलिस अभिरक्षा में रहते हुए ही वह हाथ छुड़ाकर फरार हो गया। इस घटना से ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया और उन्होंने पुलिसकर्मियों को घेर लिया।
क्या हुआ घटनास्थल पर?...शाम करीब 7 बजे ताम्रध्वज यादव (19) रास्ते में गाली-गलौज कर रहा था। प्रार्थी दीपक कुमार यादव ने उसे रोकने का प्रयास किया तो आरोपी ने चाकू मारने की धमकी दी और पास रखे धारदार हथियार से हमला करने की कोशिश की। दीपक ने बचाव किया, लेकिन उनके हाथ में चोट आ गई।मौके पर भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ लिया और कुरूद पुलिस को सूचना दी। पुलिस पहुंचने पर आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पुलिस कैसे चूक गई?...पुलिस आरोपी को थाने ले जाने के लिए वाहन का इस्तेमाल करने के बजाय पैदल लेकर आगे बढ़ रही थी। इसी दौरान आरोपी ने पुलिसकर्मियों का हाथ झटक दिया और भाग निकला। पुलिसकर्मियों ने पीछा किया, लेकिन वह फरार हो गया।
ग्रामीणों का आक्रोश...आरोपी के भागने की खबर फैलते ही ग्रामीणों में गुस्सा भड़क उठा। उन्होंने पुलिसकर्मियों को घेरकर आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। साथ ही सवाल भी उठाया कि इतने गंभीर मामले में आरोपी को सुरक्षित पुलिस वाहन में क्यों नहीं ले जाया जा रहा था।
पुलिस का बयान...थाना प्रभारी कमलेश ठाकुर ने बताया कि धारदार हथियार से युवक पर हमला किया गया है। आरोपी पुलिस का हाथ झटककर फरार हो गया है। उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है और तलाश जारी है। घटना की गहन जांच की जा रही है।


No comments