अभनपुर में 16अक्टूबर से सजेगा भक्ति और शक्ति का "दिव्य दरबार" तीन दिवसीय नवरात्रि उत्सव में होंगे विशेष वैदिक अनुष्ठान

Pradeep Ganjeer
0


छत्तीसगढ़ कौशल न्युज

रायपुर:- आस्था, भक्ति और सनातन संस्कृति के संगम के रूप में अभनपुर में तीन दिवसीय शारदीय नवरात्रि उत्सव का भव्य आयोजन 16 से 18 अक्टूबर तक किया जाएगा। आर्ट ऑफ लिविंग परिवार, रायपुर एवं वैदिक धर्म संस्थान, छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में ग्रेशियस कॉलेज परिसर में आयोजित इस आध्यात्मिक महोत्सव में वैदिक मंत्रोच्चार, विशेष हवन, देवी आराधना और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों के माध्यम से श्रद्धालु आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव करेंगे। आयोजन परम पूज्य गुरुदेव श्री श्री रविशंकर जी के आशीर्वाद एवं स्वामी मुक्तानंद जी के पावन सान्निध्य में संपन्न होगा।

बेंगलुरु आश्रम के वैदिक पंडित होंगे विशेष आकर्षण

उत्सव का प्रमुख आकर्षण आर्ट ऑफ लिविंग के बेंगलुरु आश्रम से आने वाले प्रशिक्षित वैदिक पंडित होंगे। उनके द्वारा पारंपरिक वैदिक विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ विभिन्न हवन एवं धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए जाएंगे। आयोजन का उद्देश्य वैदिक परंपराओं का संरक्षण, आध्यात्मिक चेतना का प्रसार तथा समाज में सेवा, सद्भाव और सकारात्मकता की भावना को मजबूत करना है।

तीन दिनों तक होंगे विशेष हवन और धार्मिक अनुष्ठान

आयोजन के पहले दिन 16 अक्टूबर को षष्ठी के अवसर पर श्री महागणपति हवन, श्री नवग्रह हवन एवं श्री वास्तु हवन किया जाएगा। वहीं, सायंकाल श्री सुदर्शन हवन का आयोजन होगा।17अक्टूबर को सप्तमी के पावन अवसर पर श्री महारुद्र हवन संपन्न होगा। इसके बाद सायंकाल श्री चंडी कलश स्थापना एवं चंडी पाठ का आयोजन किया जाएगा।उत्सव के अंतिम दिन 18 अक्टूबर को अष्टमी के अवसर पर श्री महा चंडी हवन होगा। इसकी पूर्णाहुति दोपहर 12 बजे संपन्न होगी। तीनों दिन सामूहिक संकल्प, गणपति पूजा, वैदिक मंत्रोच्चार और हवन के माध्यम से श्रद्धालु सामूहिक प्रार्थना एवं साधना में सहभागी बनेंगे।

श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसाद की व्यवस्था

नवरात्रि को शक्ति की आराधना, आत्मशुद्धि और सकारात्मक ऊर्जा के जागरण का महापर्व माना जाता है। इसी भावना के साथ आयोजित इस उत्सव में श्रद्धालुओं को देवी आराधना और वैदिक साधना से जुड़ने का अवसर मिलेगा। आयोजन के दौरान प्रतिदिन सुबह नाश्ते एवं भोजन प्रसाद की व्यवस्था भी की गई है।आयोजकों ने धर्मप्रेमी नागरिकों, साधकों एवं श्रद्धालुओं से सपरिवार उपस्थित होकर तीन दिवसीय आध्यात्मिक महोत्सव में सहभागी बनने और मां भगवती की आराधना का पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है।

आयोजन स्थल: ग्रेशियस कॉलेज परिसर, अभनपुर, जिला रायपुर, छत्तीसगढ़।

Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)
To Top