छत्तीसगढ़ कौशल न्युज रायपुर:- वृद्धजन दिवस के अवसर पर लक्ष्य वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा ब्राह्मण पारा वार्ड क्रमांक 44 में संयुक्त परिवारों ...
छत्तीसगढ़ कौशल न्युज
रायपुर:- वृद्धजन दिवस के अवसर पर लक्ष्य वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा ब्राह्मण पारा वार्ड क्रमांक 44 में संयुक्त परिवारों के वरिष्ठजनों के सम्मान में गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठजनों का सम्मान एवं अभिनंदन कर उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया गया।इस अवसर पर संस्था की ओर से श्रीमती मनीषा पाटकर, श्रीमती संतोषी चौधरी, श्रीमती अरुणा दुबे, श्रीमती कांति अवधिया एवं श्रीमती संध्या ठाकुर ने सहभागिता करते हुए वरिष्ठजनों का सम्मान किया। सभी ने वरिष्ठजनों के साथ आत्मीय संवाद किया और उनके जीवन के अनुभवों, संघर्षों तथा संस्कारों को समाज के लिए अमूल्य धरोहर बताया।लक्ष्य वेलफेयर फाउंडेशन ने कहा कि आज तेजी से बदलते सामाजिक परिवेश में संयुक्त परिवारों की परंपरा को जीवित रखना समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। जिस परिवार में बुजुर्गों का सम्मान होता है, वहां अनुभव, संस्कार और नई पीढ़ी के बीच एक मजबूत सेतु कायम रहता है। वरिष्ठजन केवल परिवार के सदस्य नहीं, बल्कि परिवार की स्मृतियों, परंपराओं और संस्कारों के संरक्षक होते हैं।
संस्था द्वारा वृद्धजन दिवस के अवसर पर विशेष रूप से ऐसे संयुक्त परिवारों को सम्मानित किया जा रहा है, जहां वरिष्ठजनों को सम्मान, प्रेम और आत्मीयता के साथ परिवार का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाकर रखा गया है। इस पहल के माध्यम से समाज में यह संदेश देने का प्रयास किया जा रहा है कि बुजुर्गों की सेवा और सम्मान हमारी जिम्मेदारी ही नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और संस्कारों की पहचान है।कार्यक्रम के दौरान संस्था की ओर से भावपूर्ण संदेश दिया गयापरिवार ही हमारी पहचान है,वरिष्ठों से मिला आशीर्वाद हमारी कमाई है।लक्ष्य वेलफेयर फाउंडेशन ने कहा कि वृद्धजनों का सम्मान किसी एक दिन तक सीमित नहीं होना चाहिए। उनके अनुभवों से सीखना, उनकी आवश्यकताओं का ध्यान रखना और उन्हें सम्मानजनक एवं आत्मीय वातावरण देना प्रत्येक परिवार और समाज का दायित्व है।ब्राह्मण पारा वार्ड क्रमांक 44 में आयोजित यह कार्यक्रम इसी भावना का प्रतीक रहा, जिसमें सेवा, सम्मान, संस्कार और परिवार की एकजुटता को केंद्र में रखते हुए वरिष्ठजनों के प्रति सम्मान प्रकट किया गया।


No comments