छत्तीसगढ़ कौशल न्युज कुरूद:- खैरा-मोंगरा क्षेत्र में बाईपास सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों एवं पंचायत प्रतिनिधियों ने अपर कलेक्टर इं...
छत्तीसगढ़ कौशल न्युज
कुरूद:- खैरा-मोंगरा क्षेत्र में बाईपास सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों एवं पंचायत प्रतिनिधियों ने अपर कलेक्टर इंदिरा नवीन सिंह से मुलाकात कर मुख्यमंत्री, भारत सरकार एवं कलेक्टर के नाम मांग पत्र सौंपा। ग्रामीणों ने कुरुद से करीब 2-3 किलोमीटर दूर खैरा गांव के भाठाखार से धरसा रोड को क्रॉस करते हुए मोंगरा के बाहरी हिस्से से खेतों की ओर होकर नेशनल हाईवे चर्रा के आगे वाहन क्रॉसिंग तक बाईपास मार्ग बनाने की मांग रखी।
ग्रामीणों का कहना है कि वर्तमान में भारी मालवाहक वाहनों सहित अन्य वाहनों का अत्यधिक आवागमन चर्रा गांव के मुख्य बाजार के बीच से होता है। संकरे मार्ग से कॉलेज, केंद्रीय विद्यालय, स्कूल एवं व्यस्त दुकानों के बीच से होकर वाहनों के हाईवे तक पहुंचने के कारण आए दिन दुर्घटना का खतरा बना रहता है। इससे विद्यार्थियों, बुजुर्गों एवं आम नागरिकों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ता है।ग्रामीणों ने बताया कि सुरक्षित यातायात व्यवस्था एवं क्षेत्र के विकास को देखते हुए बाईपास निर्माण की मांग पहले भी कुरुद विधायक एवं जनपद पंचायत के समक्ष रखी गई है। ग्रामीणों के अनुसार, उन्हें मांग पूरी कराने का भरोसा दिलाया गया है। अब ग्रामीण चाहते हैं कि इस दिशा में शीघ्र ठोस पहल हो।
मूलभूत सुविधाओं की भी मांग
ग्रामीणों ने खैरा गांव में सड़क, स्ट्रीट लाइट और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना है कि गांव में विकास कार्यों को गति देने की आवश्यकता है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में स्थायी समाधान और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की मांग की।
सड़क बनने से विकास को मिलेगी गति : अपर कलेक्टर
मांग पत्र सौंपे जाने के दौरान अपर कलेक्टर इंदिरा नवीन सिंह ने बाईपास एवं सड़क चौड़ीकरण की मांग को लेकर जल्द समाधान की दिशा में पहल करने की बात कही। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण एवं बेहतर कनेक्टिविटी से क्षेत्र के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूती मिलती है। इससे व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलने के साथ आवागमन सुगम होता है तथा क्षेत्र में विकास की संभावनाएं बढ़ती हैं।ग्रामीणों ने कहा कि अब उन्हें केवल आश्वासन नहीं, बल्कि खैरा की समस्याओं का स्थायी समाधान चाहिए। उन्होंने बाईपास सहित अन्य मांगों पर जल्द कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि मांगों का समाधान नहीं होने पर आगे धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।इस अवसर पर जनसेवक प्रतीक साहू, हीरालाल साहू, ग्राम पंचायत सरपंच योगेश्वरी साहू, उपसरपंच जमुना यादव, पंच रमाकांत साहू, छबीराम साहू, शैलेंद्र साहू, बलीराम ध्रुव, गोपाल पटेल, नीता साहू, रमेशरी नवरंगे, मंगल पटेल, जामुन यादव, गिरजा साहू, गोदावरी कंवर, खेमिन साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


No comments