ग्रेसियस कॉलेज ऑफ एजुकेशन, अभनपुर में बी. एड. एवं डी.एल.एड. के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए " भव्य इंडक्शन प्रोग्राम आयोजित

Pradeep Ganjeer
0


छत्तीसगढ़ कौशल न्युज 

रायपुर:- ग्रेसियस कॉलेज ऑफ एजुकेशन, अभनपुर में सत्र 2026-27 के नवप्रवेशित बी.एड (B.Ed.) एवं डी.एल.एड. (D.El.Ed.) विद्यार्थियों के लिए एक दिवसीय अभिमुखीकरण (इंडक्शन) कार्यक्रम का आयोजन मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं सुमधुर वंदना के साथ गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत में शिक्षा विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. मुक्ता कौशिक द्वारा सभी अतिथियों, प्राध्यापकों एवं नवागत छात्र-छात्राओं का आत्मीय स्वागत करते हुए स्वागत उद्बोधन दिया गया। तत्पश्चात संस्था के संचालक डॉ. आशुतोष शुक्ला ने अपने प्रेरणादायी संदेश में विद्यार्थियों का अभिनंदन करते हुए कहा कि उच्च शिक्षा केवल ज्ञानार्जन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम है, इसलिए विद्यार्थियों को अनुशासन, निरंतरता और कड़े परिश्रम के साथ अपने लक्ष्यों की ओर अग्रसर होना चाहिए। संस्था की सह-संचालक श्रीमती भारती शुक्ला ने छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का सबसे बड़ा साधन है और उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनने तथा नैतिक मूल्यों को अपनाकर जीवन में सदैव नया सीखने की प्रेरणा दी।


      इसके पश्चात महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. रिया तिवारी ने अपने ओजस्वी उद्बोधन में नवप्रवेशित विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ग्रेसियस कॉलेज में आपका स्वागत केवल एक नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत नहीं है, बल्कि आपके सपनों को नई उड़ान देने का एक संकल्प है। उन्होंने कहा कि बी.ए. और डी.एल.एड. की शिक्षा आपको न केवल एक कुशल एवं सफल पेशेवर बनाएगी, बल्कि समाज और राष्ट्र के निर्माण में आपकी निर्णायक भूमिका भी तय करेगी, इसलिए विद्यार्थियों को कॉलेज की शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों में निरंतर सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उद्बोधन के उपरांत नवप्रवेशित विद्यार्थियों का परस्पर परिचयात्मक सत्र आयोजित हुआ, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक अपना परिचय दिया और एक-दूसरे से संवाद स्थापित किया।


          कार्यक्रम में शिक्षा विभाग से डॉ. निहारिका परिहार, डॉ. माया सोनकर, श्रीमती साधना शर्मा, श्रीमती मीना साहू, श्री नीरज शर्मा, सुश्री अदिति पांडे, सुश्री ओमकृत साहू एवं श्रीमती क्षमा मिश्रा विशेष रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने भी नवागत विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस संपूर्ण कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावशाली संचालन श्री तीरथ साहू के द्वारा किया गया तथा कार्यक्रम की मुख्य समन्वयक (को-ऑर्डिनेटर) शिक्षा विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. मुक्ता कौशिक रहीं।

Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)
To Top