भिलाई वरिष्ठ नागरिक महासंघ के अध्यक्ष पद पर घनश्याम देवांगन निर्विरोध निर्वाचित

Pradeep Ganjeer
0

 






छत्तीसगढ़ कौशल न्युज 

भिलाई:- भिलाई वरिष्ठ नागरिक महासंघ की आमसभा एवं प्रबंधकारिणी का त्रैवार्षिक चुनाव रविवार को सियान सदन शांति नगर में शांतिपूर्वक एवं हर्षोल्लास से संपन्न हुआ। महासंघ के गरिमामय अध्यक्ष पद पर घनश्याम कुमार देवांगन आमसहमति से निर्विरोध निर्वाचित हुए। प्रबंधकारिणी के अन्य पदों पर गजानंद साहू महासचिव, श्रीमती अर्चना मूले एवं बलबीर सिंह सहगल उपाध्यक्ष, दिनेश कुमार गुप्ता कोषाध्यक्ष, महेन्द्र कुमार सोनवानी संयुक्त सचिव तथा बाबूलाल साहू (कृष्णा नगर) , हुकुमचंद देवांगन कुरूद), जियालाल चौधरी ( शांति नगर), माखनलाल टंडन (कोहका), भरतलाल साहू (बोरसी) एवं सुखी राम जांगड़े कैम्प-1 ) कार्यकारिणी सदस्य निर्वाचित हुए। इस चुनाव की खासियत यह रही कि प्रबंधकारिणी के सभी 12 पदाधिकारी आमसहमति से निर्विरोध निर्वाचित हुए। 

चुनाव के बाद अपने पहले संबोधन में नवनिर्वाचित अध्यक्ष घनश्याम देवांगन ने कहा कि वे सबका सहयोग लेकर वरिष्ठ नागरिकों की खुशहाली एवं उनकी समस्याओं के निराकरण लिए योजनाबद्ध ढंग से काम करेंगे। उन्होंने कहा कि सभी वरिष्ठजनों के अनुभवों का लाभ लेकर युवाओं एवं बच्चों में अच्छे संस्कार डालने हेतु प्रयास करेंगे, ताकि आगे चलकर वे अच्छे नागरिक बनें।

उन्होंने जोर देकर कहा कि महासंघ के लिए शासन से भूमि आवंटन की लंबित मांग को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने एवं वरिष्ठ नागरिकों के हित में सियान आयोग के गठन की मांग शासन से करेंगे। 

चुनाव अधिकारी अमोलदास साहू एवं पर्यवेक्षक महेश वर्मा थे। उन्होंने नियमानुसार शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव संपन्न कराया। सभा में सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का सदस्यों द्वारा सम्मान किया गया। निवर्तमान अध्यक्ष पुरुषोत्तम साहू ने नई प्रबंधकारिणी को बधाई देते हुए अपने कार्यकाल में सहयोग करने के लिए सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। इसके पहले आमसभा में महासचिव गजानंद साहू ने प्रतिवेदन प्रस्तुत कर अब तक की उपलब्धियों की जानकारी दी एवं कोषाध्यक्ष एम. एल. कश्यप ने आय व्यय का विवरण प्रस्तुत किया एवं सदस्यों के प्रश्नों का समाधान किया।

Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)
To Top