गरबा पंडाल में ताइक्वांडो का जौहर, भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ कल होगा समापन

Pradeep Ganjeer
0


छत्तीसगढ़ कौशल न्युज 

कुरूद:- शारदीय नवरात्रि पर्व पर नगर के इनडोर स्टेडियम स्थित गरबा प्रांगण में सातवें दिवस दक्षिण भारतीय परिधान में सजे-धजे प्रतिभागियों ने मां कात्यायनी की स्तुति करते हुए भक्तिमय गरबा नृत्य कर देवी आराधना की। गरबा पंडाल का माहौल मां भगवती की भक्ति और उल्लास से सराबोर रहा। इस अवसर पर रायपुर के एमच्योर ताइक्वांडो खिलाड़ियों ने आत्मरक्षा कौशल का हैरतअंगेज प्रदर्शन किया। उन्होंने वर्तमान समय में महिलाओं और बालिकाओं के प्रति बढ़ते अपराधों के बीच आत्मरक्षा के गुर सिखाने का संदेश भी दिया। पुलिस कॉलोनी में महिलाओं और बालिकाओं को इस कला का विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

       मंचीय कार्यक्रम में नगर के पत्रकारों श्रवण साहू, मुकेश कश्यप, प्रदीप गंजीर और दिलीप जादवानी को गरबा परिवार समिति द्वारा सम्मानित किया गया। अपने उद्बोधन में पत्रकार मुकेश कश्यप ने भारत की सांस्कृतिक विविधता और गरबा लोकनृत्य के माध्यम से सामाजिक एकता, भाईचारे और समरसता को मजबूत करने पर प्रकाश डाला। वहीं, अध्यक्षीय उद्बोधन में श्रवण साहू ने कार्यक्रम के 20 वर्षों से लगातार हो रहे आयोजन की सराहना की और भारतीय कला एवं संस्कृति की समृद्ध विरासत पर चर्चा की।गरबा परिवार समिति के सचिव प्रसन्न नायडू ने जानकारी दी कि संरक्षक अजय चंद्राकर के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने अंतरराष्ट्रीय कोरियोग्राफर सनी गिल की टीम से गुजरात शैली का गरबा प्रशिक्षण प्राप्त किया है। इससे पंडाल का वातावरण भक्तिमय और आकर्षक बना हुआ है।

         प्रतिदिन निर्णायक मंडल द्वारा प्रतियोगिताओं में विजेताओं का चयन कर समापन समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा। भारी बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं और प्रतिभागियों का उत्साह बरकरार रहा।कार्यक्रम में समिति की ओर से पुष्पा तिवारी, कशिश जेठानी, प्रतिमा पिल्लै, वीणा खत्री, भारती सुंदरानी, संगीता श्रीवास्तव, सरिता देवांगन, रेखा तिवारी, करूणा देवांगन, पूर्वी सुखरामणी, सुमन बजाज, सरोजनी नाग, प्रसन्न नायडू, सूरज देवांगन, मोहन सुखरामणी, दुर्गेश द्विवेदी, मनीष देवांगन, राहुल वरदियानी सहित हजारों नगरवासी मौजूद रहे और गरबा का आनंद लिया।


Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)
To Top