छत्तीसगढ़ कौशल न्यूज
मेघा:- रेनबो इंग्लिश मीडियम स्कूल, मेघा में गरबा उत्सव एवं विजयादशमी समारोह उत्साह और भक्तिमय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने पारंपरिक गरबा नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। वहीं, रावण दहन के माध्यम से बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश दिया गया।कार्यक्रम में रावण दहन के बाद भगवान श्रीराम, माता सीता एवं लक्ष्मण जी की आरती कर विधिवत पूजा-अर्चना की गई। समारोह के दौरान विद्यार्थियों को दशहरा पर्व के धार्मिक, सांस्कृतिक एवं नैतिक महत्व से अवगत कराया गया।
विद्यालय के डायरेक्टर पारख दास मानिकपुरी ने विद्यार्थियों को भगवान श्रीराम के आदर्शों से प्रेरणा लेने तथा सत्य, सदाचार, अनुशासन और अच्छे संस्कारों को जीवन में अपनाने की सीख दी। उन्होंने भारतीय संस्कृति और परंपराओं के महत्व को समझते हुए जीवन में नैतिक मूल्यों को आत्मसात करने का संदेश दिया।विद्यालय में आयोजित इस समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति एवं गौरवशाली परंपराओं से जोड़ना और उनके सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करना था। गरबा उत्सव और विजयादशमी समारोह ने विद्यार्थियों को मनोरंजन के साथ संस्कारों की सीख भी दी। कार्यक्रम ने संदेश दिया कि अहंकार और बुराई का अंत निश्चित है तथा सत्य, धर्म और अच्छाई की सदैव विजय होती है।


