छत्तीसगढ़ कौशल न्युज धमतरी:- किसानों की विभिन्न समस्याओं और धान खरीदी में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आम आदमी पार्टी ने गुरुवार को प्रदेशव...
छत्तीसगढ़ कौशल न्युज
धमतरी:- किसानों की विभिन्न समस्याओं और धान खरीदी में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आम आदमी पार्टी ने गुरुवार को प्रदेशव्यापी धरना प्रदर्शन किया। धमतरी जिले में कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित धरना प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और किसान शामिल हुए। धरना स्थल पर आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष विनोद सचदेव ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार लगातार ऐसे निर्णय ले रही है, जिससे प्रदेश के अन्नदाता किसानों को आत्महत्या के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू करने की घोषणा की थी, लेकिन कई स्थानों पर खरीदी 17, 18 और कुछ जगहों पर 25 नवंबर से शुरू हुई। वहीं सरकार ने धान खरीदी 31 जनवरी तक करने की बात कही थी, लेकिन 29 जनवरी को ही खरीदी बंद करने का निर्णय लिया गया, जो किसानों के साथ अन्याय है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने साजिश के तहत लाखों छोटे किसानों का रकबा समर्पण करवाया है, वहीं कई किसानों को आज तक टोकन नहीं मिल पाया है। टोकन व्यवस्था में छोटे किसानों को एक, मध्यम किसानों को दो और बड़े किसानों को तीन टोकन दिए गए, बावजूद इसके किसान अपनी पूरी धान नहीं बेच पा रहे हैं। धान खरीदी केंद्रों की दैनिक सीमा कम कर दी गई, जिससे किसान लंबी कतारों में खड़े होकर परेशान होते रहे। जिलाध्यक्ष ने कहा कि टोकन जारी करने से पहले पटवारी, आरआई और तहसीलदार द्वारा किसानों के घर जाकर भौतिक सत्यापन किया जा रहा है, जिससे किसानों का अपमान हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीज, खाद और एग्रीस्टेक प्रणाली की खामियों के कारण पहले ही लाखों किसानों का रकबा काट दिया गया। उनका कहना था कि प्रदेश में लगभग 15 प्रतिशत किसान अब तक धान बेचने से वंचित रह गए हैं, जिससे वे आर्थिक संकट में फंस गए हैं।
प्रदेश यूथ विंग अध्यक्ष इमरान खान ने कहा कि प्रदेश मंत्रिमंडल में अधिकांश मंत्री किसान परिवार से होने के बावजूद किसानों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कांग्रेस पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि किसानों के मुद्दे पर मजबूत आवाज नहीं उठाई जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि धान खरीदी व्यवस्था पूरी तरह विफल हो चुकी है और सरकारी समितियों में भ्रष्टाचार व्याप्त है।वहीं यूथ विंग जिलाध्यक्ष ललित नगार्ची ने सरकार से मांग की कि किसानों से जबरदस्ती रकबा समर्पण कराना बंद किया जाए, टोकन के नाम पर भौतिक सत्यापन बंद किया जाए, सभी किसानों को समुचित टोकन व्यवस्था दी जाए तथा धान खरीदी की अवधि 28 फरवरी तक बढ़ाई जाए, ताकि किसान अपनी पूरी फसल बेच सकें।धरना प्रदर्शन में आम आदमी पार्टी के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और किसान उपस्थित रहे।


No comments