छत्तीसगढ़ कौशल न्युज कुरूद: - 26 जनवरी को 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर में गरिमामय एवं हर्षोल्...
छत्तीसगढ़ कौशल न्युज
कुरूद:- 26 जनवरी को 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर में गरिमामय एवं हर्षोल्लासपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जनपद उपाध्यक्ष केशव साहू के द्वारा विधिवत ध्वजारोहण किया गया। ध्वजारोहण के पश्चात तिरंगे को सलामी दी गई, जिससे उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों में देशभक्ति का उत्साह और गर्व का भाव देखने को मिला।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनपद उपाध्यक्ष केशव साहू ने कहा कि गणतंत्र दिवस हमें यह संदेश देता है कि देश की वास्तविक शक्ति उसके नागरिकों में निहित है। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान हमें समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार देता है, साथ ही हमारे कर्तव्यों का भी बोध कराता है। एक सशक्त राष्ट्र के निर्माण के लिए प्रत्येक नागरिक का यह दायित्व है कि वह संविधान द्वारा निर्धारित नियमों और आदर्शों का पालन करे। उन्होंने आगे कहा कि गणतंत्र दिवस केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि अपने मूल्यों, अधिकारों और कर्तव्यों पर आत्मचिंतन करने का अवसर भी है। यह दिन हमें उन महान स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान की याद दिलाता है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। राष्ट्र की एकता, अखंडता, विविधता और समृद्ध संस्कृति का सम्मान करते हुए हम सभी को अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए।
इस अवसर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी लीलाधर चौधरी ने भी उपस्थितजनों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही देश के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण संभव है। उन्होंने कार्यालय के समस्त कर्मचारियों से अपने कर्तव्यों का निष्ठा और ईमानदारी से पालन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कार्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया गया। उपस्थित अतिथियों ने पौधा लगाकर यह संकल्प लिया कि पर्यावरण की सुरक्षा और संवर्धन के लिए सभी मिलकर प्रयास करेंगे। उक्त कार्यक्रम में जनपद सदस्य कैलाश देवांगन, हरनारायण साहू, बृजेश जगताप, खिलेद ध्रुव, योगेश मारकंडे, सहायक बीईओ सहित कार्यालय के समस्त अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। अंत में 77वें गणतंत्र दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प लिया गया।


No comments