छत्तीसगढ़ कौशल न्युज कुरूद: - महिला एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में ग्राम पंचायत सिंधौरी कला के माध्यमिक विद्यालय भवन में राष्ट्रीय ...
छत्तीसगढ़ कौशल न्युज
कुरूद:- महिला एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में ग्राम पंचायत सिंधौरी कला के माध्यमिक विद्यालय भवन में राष्ट्रीय बालिका दिवस का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में बालिकाओं के प्रति सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना, उन्हें उनके अधिकारों, शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें सशक्त बनाकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम की शुभारंभ सरस्वती माता की विधिवत पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय एवं प्रेरणादायी बन गया। इसके पश्चात आंगनबाड़ी के नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग एवं मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी उपस्थितजनों का मन मोह लिया। बच्चों की मासूम प्रस्तुतियों को दर्शकों ने खूब सराहा और तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के दौरान स्वादिष्ट व्यंजनों के साथ छत्तीसगढ़ी पारंपरिक पकवानों की विशेष व्यवस्था की गई, जिसने आयोजन में स्थानीय संस्कृति एवं परंपराओं की सुंदर झलक प्रस्तुत की और कार्यक्रम को और भी आकर्षक एवं यादगार बना दिया।इस गरिमामय अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में गौकरण साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष, धमतरी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता दुलार साहू, सरपंच ग्राम पंचायत सिंधौरी कला ने की। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में कंचन नारद साहू, जनपद सदस्य कुरूद एवं जगजीवन मिश्रा, सेवा निवृत्त शिक्षक उपस्थित रहे। अतिथियों ने अपने उद्बोधन में बालिकाओं को समाज की शक्ति बताते हुए कहा कि शिक्षित एवं सशक्त बालिका ही सशक्त परिवार, समाज और राष्ट्र का निर्माण करती है।
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारीगण, स्वास्थ्य कार्यकर्ता, मितानिन, पंचगण, स्वच्छता समिति के सदस्य, ग्राम संगठन की महिलाएं, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा विद्यालय की बालिकाएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं। वक्ताओं ने बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, सुरक्षा, समान अधिकार एवं आत्मसम्मान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से प्रकाश डाला तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी जनों ने बालिकाओं को समान अवसर देने, उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने एवं उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण हेतु सहयोग करने का संकल्प लिया। यह आयोजन बालिकाओं के प्रति समाज की सोच को सकारात्मक दिशा देने की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हुआ।


No comments