धमतरी पुलिस की पहल: विद्यालय में यातायात नियम, नशा मुक्ति व सायबर अपराध पर जागरूकता

Pradeep Ganjeer
0


छत्तीसगढ़ कौशल न्युज 

धमतरी:- पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशानुसार जिले में जन-जागरूकता अभियानों की श्रृंखला के अंतर्गत नगरी पुलिस द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय फरसियां में छात्र-छात्राओं के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को यातायात सुरक्षा, नशा मुक्ति तथा सायबर ठगी एवं सायबर अपराध के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी नगरी ने सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों की जानकारी देते हुए बताया कि हेलमेट व सीट बेल्ट का उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन तथा यातायात नियमों का सम्मान कर दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नियमों का पालन करने के साथ-साथ अपने परिजनों एवं समाज को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।नशा मुक्ति विषय पर चर्चा करते हुए बताया गया कि नशीले पदार्थ न केवल शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाते हैं, बल्कि व्यक्ति के भविष्य को भी अंधकारमय बना देते हैं। विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

        सायबर ठगी एवं सायबर अपराध पर जानकारी देते हुए बताया गया कि डिजिटल युग में मोबाइल, सोशल मीडिया और ऑनलाइन लेन-देन के दौरान सतर्कता अत्यंत आवश्यक है। अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक एवं ओटीपी साझा न करने, फर्जी लॉटरी व इनाम संदेशों से सावधान रहने की समझाइश दी गई। साथ ही किसी भी सायबर अपराध की स्थिति में 1930 हेल्पलाइन नंबर या सायबर क्राइम पोर्टल पर तत्काल शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई।कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को कानून के प्रति जागरूक, अनुशासित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया गया। विद्यालय के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की।धमतरी पुलिस द्वारा भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाने की बात कही गई।

Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)
To Top