एनएसएस विशेष शिविर से विद्यार्थियों में सेवा भाव और नेतृत्व क्षमता का होगा विकास - रंजना साहू

Pradeep Ganjeer
0


छत्तीसगढ़ कौशल न्युज

धमतरी:- शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल रुद्री के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा गौरव ग्राम कंडेल में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं धमतरी की पूर्व विधायक श्रीमती रंजना डीपेंद्र साहू की गरिमामय उपस्थिति में हुआ।शुभारंभ अवसर पर स्वामी विवेकानंद जी के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी, ग्राम पंचायत के प्रतिनिधि, ग्रामवासी तथा बड़ी संख्या में स्वयंसेवक विद्यार्थी उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि श्रीमती रंजना साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना केवल एक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण का सशक्त संकल्प है, एनएसएस विद्यार्थियों को पुस्तकों के ज्ञान से आगे बढ़कर समाज की वास्तविक आवश्यकताओं से जोड़ती है ऐसे शिविरों के माध्यम से युवा अनुशासन, नेतृत्व, सहयोग और संवेदनशीलता जैसे गुणों को आत्मसात करते हैं। 

          श्रीमती रंजना साहू ने आगे कहा कि स्वामी विवेकानंद जी के विचार आज भी युवाओं को राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देते हैं। “उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक रुको मत" यह संदेश एनएसएस स्वयंसेवकों के लिए पथप्रदर्शक है, ग्राम सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति, स्वास्थ्य जागरूकता जैसे कार्यों में विद्यार्थियों की सहभागिता समाज को नई दिशा देती है। श्रीमती साहू ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे शिविर के सातों दिनों को अनुशासन, समयबद्धता और सकारात्मक ऊर्जा के साथ बिताएं तथा गांव के लोगों से सीख लेते हुए उनके जीवन अनुभवों को समझें। युवाओं की ऊर्जा जब सेवा के भाव से जुड़ती है, तब राष्ट्र का भविष्य सशक्त बनता है। मुख्य अतिथि ने शिविर में सहभागी सभी विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं और ग्राम कंडेल के ग्रामवासियों को विद्यार्थियों के लिए सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सराहनीय व्यवस्था उपलब्ध कराने हेतु हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया। 

            उन्होंने कहा कि ग्रामवासियों का सहयोग ऐसे आयोजनों को सफल बनाता है और यह सामुदायिक सहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण है। सात दिवसीय विशेष शिविर के दौरान स्वच्छता अभियान, श्रमदान, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य एवं सामाजिक जागरूकता, व्यक्तित्व विकास तथा ग्राम सर्वेक्षण जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम अधिकारी ने शिविर की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि विद्यार्थियों को सेवा के साथ-साथ नेतृत्व कौशल विकसित करने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम में जनपद सदस्य श्रीमती दिनेश्वरी साहू,पूर्व सरपंच श्रीमती पूर्णिमा बनपेला , सरपंच गिरधर सार्वा,शिविर संचालक मोहित बनपेला सहित ग्रामवासी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन सेवानिवृत्त शिक्षक योगेश्वर साहू द्वारा किया गया।

Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)
To Top