छत्तीसगढ़ कौशल न्युज मगरलोड :- विकासखंड मगरलोड के संकुल केंद्र बेलौदी अंतर्गत प्राथमिक शाला खैरझिटी में गणित विषय को रोचक और व्यवहारिक बनान...
छत्तीसगढ़ कौशल न्युज
मगरलोड:- विकासखंड मगरलोड के संकुल केंद्र बेलौदी अंतर्गत प्राथमिक शाला खैरझिटी में गणित विषय को रोचक और व्यवहारिक बनाने के उद्देश्य से मापन मेला का आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य बच्चों को गणित की कठिन अवधारणाओं को सरल, रोचक और प्रयोगात्मक तरीके से समझाना था।कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए संस्था प्रधान पाठक मनोज कुमार साहू ने बताया कि बच्चों को “करके सीखने” का अवसर देकर गणित को सरल और आनंददायक बनाया गया। मेले में बच्चों को विभिन्न स्टॉलों के माध्यम से गतिविधियों में भाग लेने और खेल-खेल में सीखने का अवसर मिला। इस आयोजन का मार्गदर्शन संकुल प्राचार्य वेदप्रकाश साहू, संकुल समन्वयक घनश्याम साहू, भूपेंद्र कुमार साहू एवं प्रमेशदीप मानिकपुरी द्वारा किया गया। मेले का उद्घाटन प्रधान पाठक खिलेश्वर कश्यप (माध्यमिक शाला खैरझिटी), ममता साहू (धौराभांठा) एवं एसएमसी सदस्यों द्वारा किया गया।
मेले में बच्चों ने विभिन्न स्टॉल लगाकर किताबी ज्ञान को व्यवहारिक रूप में प्रस्तुत किया। अजीम प्रेमजी फाउंडेशन एवं शिक्षकों के सहयोग से आयोजित इस मेले में बच्चों ने मापन, अनुमान और गणना से जुड़ी गतिविधियों का प्रदर्शन किया।बाजार गतिविधि के माध्यम से बच्चों ने खरीद-बिक्री की प्रक्रिया दिखाई, जिससे उन्हें पैसों के लेन-देन और बिल बनाने की समझ मिली। उद्घाटन अवसर पर ममता साहू ने कहा कि ऐसी गतिविधियों से गणित जैसे कठिन विषय के प्रति बच्चों का डर कम होता है और उनकी समझ स्थायी रूप से विकसित होती है। मेले में बच्चों ने फीता और पैमाने से लंबाई मापने, बर्तनों से द्रव मापन करने, अनुमान लगाने और सही माप करने का अभ्यास किया। “मेरी ऊंचाई और लंबाई का अनुमान” जैसे खेलों के माध्यम से बच्चों ने पहले अनुमान लगाना और फिर सही मापन करना सीखा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के सुजीत जी एवं संस्था के प्रधान पाठक मनोज कुमार साहू का विशेष सहयोग रहा। सामग्री निर्माण और स्टॉल संचालन में सहायक शिक्षक नोहर सिंह कंवर, ओमप्रकाश साहू एवं सीमा मैडम का योगदान उल्लेखनीय रहा। कार्यक्रम में संकुल समन्वयक भूपेंद्र साहू (कुंडेल), प्रमेश मानिकपुरी, घनश्याम साहू (बेलौदी), भोथीडीह सांकरा सहित संकुल के शिक्षक-शिक्षिकाएं ममता साहू, मानकुंवर वर्मा, हेमा कुंभकार एवं शाला प्रबंधन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।


No comments