छत्तीसगढ़ कौशल न्युज धमतरी:- विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री ओंकार साहू आज दुर्ग में आयोजित छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क...
छत्तीसगढ़ कौशल न्युज
धमतरी:- विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री ओंकार साहू आज दुर्ग में आयोजित छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण की महत्वपूर्ण बैठक में शामिल हुए। इस बैठक में छत्तीसगढ़ के ग्रामीण क्षेत्रों के विकास, अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) समाज के सर्वांगीण कल्याण एवं क्षेत्रीय संतुलित विकास से जुड़े कई अहम मुद्दों पर गहन एवं सार्थक चर्चा की गई।बैठक के दौरान ग्रामीण अंचलों में आधारभूत संरचना के विकास, सड़कों, पेयजल, सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं तथा रोजगार सृजन से संबंधित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही अन्य पिछड़ा वर्ग के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान हेतु संचालित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया। विधायक श्री ओंकार साहू ने धमतरी जिले सहित राज्य के ग्रामीण इलाकों में व्याप्त समस्याओं, विकास की जरूरतों और स्थानीय जनभावनाओं को बैठक में मजबूती से रखा।
विधायक श्री साहू ने अपने वक्तव्य में कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का सशक्तिकरण और पिछड़ा वर्ग का समुचित विकास राज्य की समग्र प्रगति के लिए अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि योजनाएं तभी सार्थक होंगी जब उनका लाभ सीधे अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचे। इसके लिए प्रशासनिक संवेदनशीलता एवं जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भूमिका आवश्यक है।इस अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के सभी ओबीसी वर्ग से जुड़े मंत्रीगण एवं विधायकगण उपस्थित रहे। सभी जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों के अनुभव साझा करते हुए ग्रामीण एवं पिछड़ा वर्ग बहुल क्षेत्रों के विकास को गति देने के लिए व्यावहारिक सुझाव दिए।बैठक का उद्देश्य ग्रामीण एवं ओबीसी क्षेत्रों के समावेशी विकास को सुनिश्चित करना तथा राज्य को प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाने हेतु ठोस नीतिगत निर्णय लेना रहा।


No comments