छत्तीसगढ़ कौशल न्युज कुरूद:- चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर नगर के नेशनल हाईवे स्थित मां काली एवं छत्तीसगढ़ महतारी मंदिर में अष्टमी के दि...
छत्तीसगढ़ कौशल न्युज
कुरूद:- चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर नगर के नेशनल हाईवे स्थित मां काली एवं छत्तीसगढ़ महतारी मंदिर में अष्टमी के दिन धार्मिक आयोजन श्रद्धा और सादगी के साथ सम्पन्न हुआ। मंदिर के संस्थापक एवं धमतरी के पूर्व विधायक गुरुमुख सिंह होरा ने मंदिर पहुंचकर विधिविधान से हवन-पूजन कर माता की आराधना की। वहीं कुरूद स्थित मंदिर में भी सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ माता के दर्शन के लिए उमड़ी रही। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आयोजित हवन में विभिन्न औषधीय सामग्री व विशेष हवन सामग्रियों का उपयोग किया गया, जिसमें ज्योति धारी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आहुति देकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
नवरात्रि के आठवें दिन मां दुर्गा के आठवें स्वरूप महागौरी की पूजा का विशेष महत्व होता है। मान्यता है कि महागौरी की उपासना से सभी पापों का नाश होता है और भक्तों को सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है। इस अवसर पर पूर्व विधायक गुरुमुख सिंह होरा एवं उनकी धर्मपत्नी ने शुभ मुहूर्त में हवन-यज्ञ कर पूर्णाहुति दी। हवन के पश्चात नौ कन्याओं एवं लंगूरवा महाराज को विधिपूर्वक भोजन कराया गया तथा उन्हें उपहार व दक्षिणा देकर आशीर्वाद प्राप्त किया।कार्यक्रम में नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और भक्तिमय वातावरण में माता की आराधना की।


No comments