छत्तीसगढ़ कौशल न्युज धमतरी:- जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री आकाश गोलछा ने धमतरी नगर निगम के महापौर पर विधायक ओंकार साहू के प्रयासों से स्...
छत्तीसगढ़ कौशल न्युज
धमतरी:- जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री आकाश गोलछा ने धमतरी नगर निगम के महापौर पर विधायक ओंकार साहू के प्रयासों से स्वीकृत दो महत्वपूर्ण फोरलेन सड़क परियोजनाओं का झूठा श्रेय लेने का आरोप लगाया है। उन्होंने इसे “दुर्भाग्यपूर्ण” बताया।
विधायक के प्रयासों से मिली सड़कों की सौगात
आकाश गोलछा ने कहा कि धमतरी विधायक ओंकार साहू के निरंतर प्रयासों और क्षेत्र के विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता के फलस्वरूप सिहावा चौक से कोलियारी नहर नाक चौक तक डिवाइडर सहित फोरलेन सड़क तथा रत्नाबांधा चौक से मुजगहन तक फोरलेन सड़क निर्माण को स्वीकृति मिली है।ये दोनों सड़कें लंबे समय से क्षेत्रवासियों की मांग थीं। इनके पूरा होने से यातायात व्यवस्था सुगम होगी और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने किया था भूमिपूजन
गोलछा ने बताया कि इन दोनों महत्वपूर्ण विकास कार्यों का भूमिपूजन प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने धमतरी में आयोजित समस्या निवारण शिविर के दौरान विधिवत किया था। मुख्यमंत्री द्वारा सार्वजनिक मंच से भूमिपूजन किए जाने के बाद इन परियोजनाओं के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ।
“दोबारा भूमिपूजन क्यों?” – महापौर पर सवाल
आकाश गोलछा ने सवाल उठाते हुए कहा, “मुख्यमंत्री द्वारा आधिकारिक रूप से भूमिपूजन हो चुका है, फिर भी महापौर द्वारा दोबारा भूमिपूजन कर राजनीतिक वाहवाही लूटने का प्रयास किया जा रहा है। यह जनता के बीच भ्रम पैदा करने वाला कदम है।”
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के आधिकारिक कार्यक्रम के बाद उसी कार्य का दोबारा भूमिपूजन करना मुख्यमंत्री की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला है। गोलछा ने भाजपा नेताओं से पूछा कि जब मुख्यमंत्री स्वयं भूमिपूजन कर चुके हैं, तब दोबारा भूमिपूजन की जरूरत क्यों पड़ी? उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं को जनता के सामने स्पष्ट जवाब देना चाहिए।
“जनता जानती है वास्तविक श्रेय किसका है”
गोलछा ने जोर देकर कहा कि धमतरी की जनता भली-भांति जानती है कि इन परियोजनाओं की स्वीकृति के लिए विधायक ओंकार साहू ने लगातार प्रयास किए, शासन-प्रशासन के समक्ष क्षेत्र की जरूरतों को मजबूती से रखा और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता दी। इसलिए इन विकास कार्यों का वास्तविक श्रेय विधायक ओंकार साहू के प्रयासों और क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग को जाता है।
विकास बनाम श्रेय की राजनीति
आकाश गोलछा ने कहा, “कांग्रेस पार्टी विकास कार्यों का हमेशा स्वागत करती है, लेकिन जनता को भ्रमित कर झूठा श्रेय लेने की राजनीति का विरोध भी करती है। धमतरी की जनता विकास चाहती है, दिखावटी राजनीति नहीं। जनता उन लोगों को पहचानती है जो विकास के लिए संघर्ष करते हैं और उन लोगों को भी जो तैयार कार्यों पर श्रेय लेने का प्रयास करते हैं।”


No comments