छत्तीसगढ़ कौशल न्युज धमतरी:- भारत स्काउट एवं गाइड्स जिला संघ धमतरी के तत्वावधान में "तारुण्य वार्ता # पीरियड्स पर खुलकर" कार्यक्र...
छत्तीसगढ़ कौशल न्युज
धमतरी:- भारत स्काउट एवं गाइड्स जिला संघ धमतरी के तत्वावधान में "तारुण्य वार्ता # पीरियड्स पर खुलकर" कार्यक्रम के अंतर्गत एक दिवसीय जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन डॉक्टर शोभाराम देवांगन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, धमतरी में किया गया। राज्य मुख्यालय भारत स्काउट एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ एवं यूनिसेफ के संयुक्त प्रयासों से चलाए जा रहे विशेष जागरूकता अभियान के तहत यह कार्यशाला आयोजित की गई।कार्यशाला में धमतरी जिले के सभी विकासखंडों से 111 स्काउटर-गाइडर, स्काउट-गाइड, रोवर-रेंजर, पदाधिकारी एवं अभिभावक शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ स्काउट प्रार्थना के साथ हुआ।
पूर्व जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी बिरेंद्र कुमार साहू ने मुख्य वक्ता के रूप में पीरियड्स (मासिक धर्म) पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मासिक धर्म क्या है, यह कब और क्यों होता है, इस दौरान युवतियों में शारीरिक एवं मानसिक बदलाव कैसे होते हैं तथा इस विषय पर पुरुषों और महिलाओं दोनों की जिम्मेदारी क्या है। उन्होंने प्रतिभागियों की सभी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।
महिला संरक्षण अधिकारी अनामिका शर्मा ने कहा कि मासिक धर्म को अब रूढ़िवादी सोच और शर्म से ऊपर उठकर एक सामान्य प्राकृतिक प्रक्रिया के रूप में स्वीकार करना चाहिए। उन्होंने स्वच्छता प्रबंधन पर विशेष जोर देते हुए महिलाओं की परेशानियों पर खुलकर बात करने की आवश्यकता पर बल दिया।
आर्ट ऑफ लिविंग से जुड़ीं श्रीमती सुमित पंजवानी ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि मासिक धर्म के दौरान होने वाले तनाव और शारीरिक असुविधाओं को प्राणायाम एवं योग के माध्यम से कैसे नियंत्रित किया जा सकता है।
डीओसी गाइड सुश्री हिना भैंसले ने कहा, “यह एक गंभीर विषय है। इसे मजाक या शर्म का विषय नहीं, बल्कि समझ, सहानुभूति और सहयोग का विषय बनाना चाहिए। घर और स्कूल दोनों जगह खुलकर चर्चा होनी चाहिए।”
भारत स्काउट एवं गाइड्स जिला अध्यक्ष डॉ. गणेश प्रसाद साहू ने सभी प्रतिभागियों से पीरियड्स पर खुलकर विचार रखने और बातचीत करने की शपथ दिलवाई। साथ ही चारों विकासखंडों के लिए पीरियड्स ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किए गए।कार्यक्रम में वक्ताओं को प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। अंत में ग्रीष्मकाल में प्याऊ संचालन में सहयोग करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। नई उम्मीद आशा सेवा संस्थान, छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन एवं साहू समाज अधिकारी कर्मचारी प्रकोष्ठ को प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जिला मुख्य आयुक्त देवेश कुमार सूर्यवंशी, अध्यक्ष डॉ. गणेश प्रसाद साहू, उपाध्यक्ष श्री जितेंद्र कुमार साहू, , जिला आयुक्त अभय जायसवाल सहित कई गणमान्य स्काउट-गाइड पदाधिकारियों ने उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यशाला का संचालन सोहन लाल साहू ने किया।कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. शोभाराम देवांगन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य श्री कुर्रे जी का विशेष सहयोग रहा।यह कार्यशाला किशोरियों के स्वास्थ्य जागरूकता और लिंग समानता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।


No comments