छत्तीसगढ़ कौशल न्युज कुरूद:- नगर पालिका की कार्यप्रणाली को लेकर आम आदमी पार्टी ने तीखा हमला बोलते हुए नगर की बदहाल व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए ...
छत्तीसगढ़ कौशल न्युज
कुरूद:- नगर पालिका की कार्यप्रणाली को लेकर आम आदमी पार्टी ने तीखा हमला बोलते हुए नगर की बदहाल व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए हैं। आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष विनोद सचदेव ने आरोप लगाया कि नगर की जनता पानी, सफाई, सड़क, नाली, विधवा पेंशन, वृद्धा पेंशन सहित अनेक मूलभूत समस्याओं से जूझ रही है, लेकिन जनप्रतिनिधि और अधिकारी आम नागरिकों की समस्याओं के प्रति गंभीर नहीं हैं।
विनोद सचदेव ने कहा कि नगर पालिका अध्यक्ष अधिकांश समय कार्यालय में उपलब्ध नहीं रहतीं, जिससे अपनी समस्याओं को लेकर आने वाले लोगों को निराश होकर लौटना पड़ता है। वहीं मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) भी लंबे अंतराल के बाद कार्यालय में दिखाई देते हैं, जिसके कारण आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।उन्होंने आरोप लगाया कि नगर में कई विकास कार्य केवल कागजों तक सीमित हैं। सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। कई वार्डों में नालियां बजबजा रही हैं, जगह-जगह गंदगी फैली हुई है और सार्वजनिक शौचालयों की स्थिति भी बेहद खराब है। वृंदावन सरोवर तालाब के पास स्थित सार्वजनिक शौचालय की बदहाली को लेकर वार्डवासी कई बार शिकायत कर चुके हैं तथा जन समस्या शिकायत निवारण शिविर में भी आवेदन दे चुके हैं, लेकिन अब तक कोई सुधार नहीं हुआ।
सचदेव ने कहा कि छोटे व्यापारियों और आम नागरिकों की शिकायतें लगातार आम आदमी पार्टी तक पहुंच रही हैं। लोगों का आरोप है कि नगर पालिका प्रशासन समस्याओं के समाधान के बजाय केवल दिखावटी सफाई अभियान और फोटो खिंचवाने तक सीमित है।उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि नगर में खुलेआम नशे का कारोबार बढ़ रहा है। जगह-जगह गांजा और नशीले पदार्थों की बिक्री हो रही है तथा नालीपार, खेल मैदानों और सार्वजनिक स्थानों पर लोग शराब पीते नजर आते हैं। इस पर रोक लगाने के लिए कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही नगर की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आम आदमी पार्टी जनहित में आंदोलन करने को बाध्य होगी।


No comments