छत्तीसगढ़ कौशल न्युज कुरूद:- ग्राम भेंड़रवानी में रोजगार गारंटी योजना के तहत चल रहे कार्य के दौरान हुए विवाद के बाद एक किसान द्वारा जहर सेव...
कुरूद:- ग्राम भेंड़रवानी में रोजगार गारंटी योजना के तहत चल रहे कार्य के दौरान हुए विवाद के बाद एक किसान द्वारा जहर सेवन किए जाने का मामला सामने आया है। घटना गुरुवार सुबह लगभग 9 बजे की बताई जा रही है। किसान को गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार गांव में दो स्थानों पर रोजगार गारंटी का कार्य चल रहा था। इसी दौरान कुर्राबाट क्षेत्र में खेत की मेड़ को लेकर किसान और सरपंच मिथलेश साहू के बीच विवाद हो गया। बताया जाता है कि विवाद के बाद किसान घर पहुंचा और कथित रूप से जहर का सेवन कर लिया।घटना की जानकारी मिलते ही उसकी पत्नी मदद के लिए चिल्लाते हुए घर से बाहर निकली और ग्रामीणों को सूचना दी। इसके बाद ग्रामीणों की सहायता से किसान को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। समाचार लिखे जाने तक उसकी हालत गंभीर बताई जा रही थी।
इधर, गांव के कई ग्रामीणों ने सरपंच मिथलेश साहू पर आरोप लगाया है कि रोजगार गारंटी के तहत नाली निर्माण कार्य पूर्व निर्धारित स्थान पर नहीं कराया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि जहां पहले नाली थी, वहां निर्माण नहीं कराकर दूसरे स्थान पर कार्य कराया जा रहा है। ग्रामीणों ने सरपंच पर मनमानी करने का भी आरोप लगाया है।वहीं सरपंच मिथलेश साहू ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उन्हें बेबुनियाद बताया है। उनका कहना है कि पंचायत द्वारा नियमानुसार कार्य कराया जा रहा है और लगाए जा रहे आरोप तथ्यहीन हैं।


No comments