छत्तीसगढ़ कौशल न्युज रायपुर:- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से मां मातंगी दिव्य धाम के पीठाधीश परम पूज्य डॉ. प्रेमासाई जी म...
छत्तीसगढ़ कौशल न्युज
रायपुर:- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से मां मातंगी दिव्य धाम के पीठाधीश परम पूज्य डॉ. प्रेमासाई जी महाराज ने मुख्यमंत्री निवास में सौजन्य भेंट की। इस दौरान दोनों के बीच सामाजिक, सांस्कृतिक, आध्यात्मिक एवं समसामयिक विषयों पर सार्थक चर्चा हुई।भेंट के दौरान पूज्य डॉ. प्रेमासाई जी महाराज ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन, विकास और सांस्कृतिक पुनर्जागरण की दिशा में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सनातन संस्कृति, भारतीय परंपराओं और सामाजिक मूल्यों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर सकारात्मक प्रयास कर रही है। उन्होंने धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम जैसे महत्वपूर्ण निर्णयों की प्रशंसा करते हुए इसे सांस्कृतिक अस्मिता और धार्मिक स्वतंत्रता की रक्षा की दिशा में अहम कदम बताया।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने भी डॉ. प्रेमासाई जी महाराज द्वारा प्रदेश में धर्म, संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों के संरक्षण के साथ-साथ सेवा, सद्भाव, नैतिक चेतना एवं मानवीय मूल्यों के प्रसार के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि महाराज जी के प्रयास समाज के लिए प्रेरणादायी और अनुकरणीय हैं।इस अवसर पर डॉ. प्रेमासाई जी महाराज ने अपने बस्तर प्रवास के अनुभव साझा करते हुए बताया कि कभी नक्सलवाद की चुनौतियों से प्रभावित रहा बस्तर अब विकास, शांति, सुरक्षा और समृद्धि के नए दौर में प्रवेश कर रहा है। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और सुरक्षा बलों के सतत प्रयासों से क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। बस्तर में आयोजित दिव्य दरबारों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता समाज में आध्यात्मिक चेतना और सकारात्मक ऊर्जा का संचार कर रही है।
भेंट के दौरान प्रदेश के सामाजिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया। पूज्य डॉ. प्रेमासाई जी महाराज ने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ विकास, सुशासन, सांस्कृतिक गौरव और जनकल्याण के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।


No comments