छत्तीसगढ़ कौशल न्युज भिलाई:- वैशाली नगर स्थित सियान सदन में वरिष्ठ नागरिकों द्वारा महान पार्श्व गायक मोहम्मद रफ़ी की पुण्यतिथि पर आयोजित ...
छत्तीसगढ़ कौशल न्युज
भिलाई:- वैशाली नगर स्थित सियान सदन में वरिष्ठ नागरिकों द्वारा महान पार्श्व गायक मोहम्मद रफ़ी की पुण्यतिथि पर आयोजित 'याद-ए-रफ़ी' संगीत संध्या में रफ़ी के सदाबहार हिंदी एवं छत्तीसगढ़ी गीतों की मधुर प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में संगीत के साथ रफ़ी के जीवन पर आधारित क्विज़ प्रतियोगिता भी आकर्षण का केंद्र रही।वरिष्ठ नागरिक महासंघ के अध्यक्ष घनश्याम कुमार देवांगन ने कहा कि मोहम्मद रफ़ी भारतीय संगीत जगत के ऐसे नक्षत्र थे, जिनकी मधुर आवाज़ आज भी करोड़ों संगीत प्रेमियों के दिलों में जीवित है। उन्होंने कहा कि रफ़ी ने हिंदी के साथ-साथ छत्तीसगढ़ी गीतों को भी अपनी आवाज़ देकर उन्हें अमर बना दिया।
संगीत संध्या में स्थानीय कलाकारों एवं वरिष्ठ नागरिकों ने 'बहारों फूल बरसाओ', 'लिखे जो खत तुझे', 'क्या हुआ तेरा वादा', 'चौदहवीं का चांद हो', 'तुम मुझे यूं भुला ना पाओगे' सहित कई लोकप्रिय गीत प्रस्तुत किए। वहीं 'गोंदा फुलगे मोर राजा', 'तोर पैरी के झनर-झनर' और 'सुन-सुन मोर पीरा के संगवारी रे' जैसे छत्तीसगढ़ी गीतों ने पुरानी यादों को ताजा कर दिया।कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ, आरती एवं प्रसाद वितरण से हुआ। इस दौरान जुलाई माह में जन्मदिन वाले 10 वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान कर सामूहिक जन्मोत्सव भी मनाया गया। अंत में सभी वरिष्ठ नागरिकों के लिए सामूहिक भोजन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे। संचालन जोसफ एवं आभार प्रदर्शन दिनेश गुप्ता ने किया। इस अवसर पर मोहम्मद रफ़ी एवं पंडवानी गायिका पद्मविभूषण तीजन बाई के योगदान का स्मरण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।


No comments