छत्तीसगढ़ कौशल न्युज कुरूद:- भगवान श्री जगन्नाथ रथयात्रा महापर्व के अवसर पर जिला पंचायत सदस्य नीलम चंद्राकर ने क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं...
छत्तीसगढ़ कौशल न्युज
कुरूद:- भगवान श्री जगन्नाथ रथयात्रा महापर्व के अवसर पर जिला पंचायत सदस्य नीलम चंद्राकर ने क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं देते हुए प्रभु श्री जगन्नाथ के चरणों में जिले की सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की प्रार्थना की। इस दौरान उन्होंने नगर में निकली पारंपरिक रथयात्रा में श्रद्धापूर्वक शामिल होकर भगवान श्री जगन्नाथ के रथ की रस्सी खींची और पुण्य लाभ अर्जित किया।
नीलम चंद्राकर ने कहा कि भगवान श्री जगन्नाथ की कृपा से क्षेत्र में खुशहाली, समृद्धि और सुख-शांति बनी रहे तथा सभी नागरिकों का जीवन मंगलमय हो। उन्होंने रथयात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का अभिवादन करते हुए समस्त क्षेत्रवासियों को भगवान श्री जगन्नाथ रथयात्रा पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।उन्होंने रथयात्रा के धार्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि भगवान श्रीकृष्ण, उनके बड़े भाई बलराम एवं बहन सुभद्रा रथ पर सवार होकर नगर भ्रमण करते हुए अपनी मौसी के घर गुंडीचा मंदिर जाते हैं। मान्यता है कि बहन सुभद्रा की नगर भ्रमण की इच्छा पूरी करने के लिए इस रथयात्रा की परंपरा प्रारंभ हुई, जो आज पूरे देश में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई जाती है।
जिला पंचायत सदस्य ने कहा कि जगन्नाथ रथयात्रा केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और जनआस्था का भी प्रतीक है। इस अवसर पर अनेक स्थानों पर मेले एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिनमें आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर भगवान श्री जगन्नाथ के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त करते हैं। उन्होंने सभी से आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव बनाए रखने का संदेश भी दिया।


No comments