छत्तीसगढ़ कौशल न्युज रायपुर:- छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा 11 जुलाई 2026 को जारी स्थानांतरण आदेश को लेकर कर्मचा...
छत्तीसगढ़ कौशल न्युज
रायपुर:- छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा 11 जुलाई 2026 को जारी स्थानांतरण आदेश को लेकर कर्मचारियों में नाराजगी व्याप्त है। आदेश के तहत राज्य के 56 कर्मचारियों का प्रशासनिक आधार पर अस्थायी रूप से आगामी आदेश तक तबादला किया गया है। आदेश जारी होने के बाद विभाग के कई कर्मचारियों ने इस प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। कर्मचारियों का आरोप है कि स्थानांतरण में मनमानी बरती गई और शासन की स्थानांतरण नीति का ठीक से पालन नहीं किया गया।
सेवानिवृत्ति के करीब कर्मचारियों पर भी सितम
खासतौर पर उन कर्मचारियों में गुस्सा है जिनकी सेवानिवृत्ति में महज कुछ महीने शेष रह गए हैं। कर्मचारियों का कहना है कि रिटायरमेंट के अंतिम चरण में अचानक तबादला उनके लिए मानसिक और पारिवारिक रूप से बेहद परेशानी भरा साबित हो रहा है। एक कर्मचारी ने बताया, “हमने वर्षों तक विभाग की सेवा की है। रिटायरमेंट से पहले परिवार और स्वास्थ्य संबंधी मुद्दों को देखते हुए हमें वर्तमान स्थान पर ही रहने दिया जाना चाहिए था, लेकिन विभाग ने मानवीय पहलुओं को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया।”कर्मचारियों का दावा है कि स्थानांतरण नीति में स्पष्ट प्रावधान होते हुए भी सेवानिवृत्ति के निकट कर्मचारियों को छूट नहीं दी गई। इससे उन्हें और उनके परिवार को अनावश्यक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
पुनर्विचार की मांग
प्रभावित कर्मचारियों ने विभाग से स्थानांतरण आदेशों की समीक्षा करने और सेवानिवृत्ति के करीब कर्मचारियों को राहत देने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि यदि शीघ्र पुनर्विचार नहीं किया गया तो वे शासन के उच्च अधिकारियों से गुहार लगाने को मजबूर होंगे।विभागीय सूत्रों का कहना है कि स्थानांतरण प्रशासनिक आवश्यकताओं को देखते हुए किया गया है, लेकिन कर्मचारियों का मानना है कि इसमें लचीलापन दिखाया जाना चाहिए था।यह मामला अब विभागीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है। आगे क्या फैसला लिया जाता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।




No comments