छत्तीसगढ़ कौशल न्युज धमतरी:- छाती सहकारी समिति के आश्रित ग्राम उडेना में किसानों की सुविधा के लिए खाद गोदाम निर्माण की मांग को लेकर समिति क...
धमतरी:- छाती सहकारी समिति के आश्रित ग्राम उडेना में किसानों की सुविधा के लिए खाद गोदाम निर्माण की मांग को लेकर समिति के अध्यक्ष ललित कुमार साहू ने राज्य शासन के समक्ष मांग उठाई है। इस संबंध में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, कृषि मंत्री राम विचार नेताम तथा मंडी बोर्ड रायपुर को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र खाद गोदाम निर्माण की मांग की गई।बताया गया कि छाती सहकारी समिति द्वारा क्षेत्र में सहकारिता के माध्यम से किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। समिति में वर्तमान में चॉइस सेंटर, माइक्रो एटीएम, खाद-बीज एवं कृषि दवाइयों का वितरण, दलहन-तिलहन खरीदी, सार्वजनिक वितरण प्रणाली (राशन) तथा धान खरीदी जैसे अनेक कार्य संचालित किए जा रहे हैं।
समिति के बढ़ते कार्यों को देखते हुए ग्राम पंचायत उडेना ने खाद गोदाम, राशन दुकान एवं अन्य कार्यालयों के निर्माण के लिए एक एकड़ 10 डिसमिल भूमि उपलब्ध कराई है। इसके आधार पर समिति अध्यक्ष ललित कुमार साहू लगातार शासन-प्रशासन से खाद गोदाम निर्माण की मांग कर रहे हैं, ताकि क्षेत्र के किसानों को समय पर खाद एवं अन्य कृषि सामग्री उपलब्ध हो सके।समिति प्रतिनिधियों ने बताया कि उपमुख्यमंत्री अरुण साव, कृषि मंत्री राम विचार नेताम एवं मंडी बोर्ड के अधिकारियों को मांग पत्र सौंपने पर शीघ्र खाद गोदाम निर्माण कराने का आश्वासन प्राप्त हुआ है।


No comments